# बैंकॉक से हाइड्रोपोनिक गांजा लाने वाली मॉडल गिरफ्तार, 11 करोड़ से ज्यादा का नशीला पदार्थ बरामद

> बैंकॉक से मुंबई पहुंची 28 वर्षीय मॉडल हर्षा सनी को एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया, जिसके ट्रॉली बैग से 11 करोड़ 82 लाख रुपये से अधिक कीमत का नशीला पदार्थ मिला।

**Category:** बॉलीवुड · **Published:** 2026-06-12 · **Source:** TrendKia
**Canonical:** https://trendkia.com/bollywood/bainkoka-se-haidroponika-ganja-lane-vali-modala-giraphtara-11-karora-se-jyada-ka-32

मुंबई। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बैंकॉक से उड़ान भरकर मुंबई पहुंची 28 साल की मॉडल हर्षा सनी को कथित रूप से हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी करने के आरोप में दबोच लिया है। हर्षा सनी साल 2025 में हुई मिसेज केरल ब्यूटी प्रतियोगिता में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा ले चुकी हैं। कस्टम अधिकारियों के अनुसार, 10 और 11 जून की दरम्यानी रात वह एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 के जरिए मुंबई पहुंची थीं। संदेह के आधार पर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील पैकेट निकले, जिनकी कीमत 11 करोड़ 82 लाख रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।

## गांजे के साथ हुई गिरफ्तारी

पैकेटों को खोलने पर उनके भीतर हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ नजर आया। एनडीपीएस परीक्षण किट से जांच करने पर यह पदार्थ कैनबिस की सूखी हुई फूल और फलयुक्त कलियां पाया गया, जिसकी पहचान हाइड्रोपोनिक वीड के तौर पर हुई। इसके बाद कस्टम विभाग ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत कदम उठाते हुए हर्षा सनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां किला कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दे दिया।

## क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा?

गांजा एक नशीला पदार्थ है, यह बात तो सभी को मालूम है। लेकिन पिछले कुछ समय से हाइड्रोपोनिक गांजे का प्रचलन बेहद तेजी से बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। दक्षिण-पूर्व एशिया का शहर बैंकॉक इसका एक बड़ा केंद्र बन चुका है। यहीं से इस हाइड्रोपोनिक गांजे को भारत समेत अन्य देशों में तस्करी के जरिए भेजा जाता है। भारत में लगातार ऐसे मामलों में तस्करों को हिरासत में लिया जाता रहा है। हाइड्रोपोनिक गांजे को एक खास तकनीक से उगाया जाता है, जिसमें इसे मिट्टी में न उगाकर एक बंद कमरे में नियंत्रित वातावरण में तैयार किया जाता है। इसमें पाई जाने वाली टीएचसी (Tetrahydrocannabinol) की मात्रा 30-40 प्रतिशत तक होती है, जबकि सामान्य गांजे में टीएचसी की मात्रा महज 3-4 प्रतिशत रहती है। यही कारण है कि हाइड्रोपोनिक गांजे को बेहद प्रीमियम माना जाता है। अपने हैल्यूसनोजैनिक असर के चलते इसे गरीबों की कोकीन के नाम से भी पुकारा जाता है। अब तक एयरपोर्ट पर इसकी तस्करी कई बार रोकी जा चुकी है और अब हाल ही में हर्षा सनी नाम की इस मॉडल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

---
_TrendKia — Har trend, sabse pehle._