# दिल्ली के ब्रिटानिया चौक का नाम बदला, अब 'अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक' कहलाएगा, सीएम रेखा गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि

> दिल्ली के शकरपुर स्थित ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व सांसद अश्विनी चोपड़ा 'मिन्ना' के नाम पर रखा गया। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और सीएम रेखा गुप्ता ने शिलापत्तिका का अनावरण किया।

**Category:** दिल्ली · **Published:** 2026-06-12 · **Source:** TrendKia
**Canonical:** https://trendkia.com/delhi/delhi-ke-britaniya-chauka-ka-nama-badala-aba-ashvini-chopara-minna-chauka-kahala-104

दिल्ली के ब्रिटानिया चौक को अब एक नई पहचान मिल गई है। इस चौराहे का नाम बदलकर वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी चोपड़ा के सम्मान में अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक रख दिया गया है। शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मिलकर शिलापत्तिका का अनावरण किया और इस नए नामकरण की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कदम एक निडर और ईमानदार पत्रकार को सरकार की ओर से दी गई सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "माननीय उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी की उपस्थिति में आज शकरपुर स्थित ब्रिटानिया चौक के अश्विनी चोपड़ा 'मिन्ना' चौक नामकरण समारोह में सम्मिलित हुई। वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और करनाल से पूर्व सांसद स्वर्गीय अश्विनी चोपड़ा जी का जीवन जनसेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। दिल्ली की यह श्रद्धांजलि उनके योगदान को सदैव स्मरण करती रहेगी।"

## देश से बेहद प्यार करते थे अश्विनी चोपड़ा- रजत शर्मा

इस मौके पर इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने अश्विनी चोपड़ा के परिवार से भेंट की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "अश्विनी चोपड़ा मेरे बहुत अच्छे मित्र थे। यह दुर्भाग्य की बात है कि आज वे हमारे बीच नहीं हैं। मैंने उनके साथ दुनिया के कई देशों की यात्राएं की हैं। वे पंजाब केसरी के एडिटर थे और उस समय मैं एक मैगजीन का एडिटर था। उनके मन में देश के लिए अपार प्रेम था। वे निडर और बेहतरीन वक्ता थे। उनका पूरा परिवार ही निर्भीकता की मिसाल है। उनके परिवार ने देश के लिए कुर्बानी दी है। देश में शायद ही ऐसा कोई दूसरा उदाहरण मिले।"

## मिन्ना बहुत बड़े दिल का इंसान था- एलजी तरनजीत सिंह

दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने कहा, "अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) मेरे भाई की तरह थे। पिछली चार पीढ़ियों से हमारे परिवारों के बीच गहरा रिश्ता रहा है। मिन्ना बहुत बड़े दिल का इंसान था। दिल्ली और हरियाणा के प्रति उसका लगाव और प्यार किसी से छिपा नहीं था।" इस अवसर पर अश्विनी चोपड़ा की पत्नी किरण चोपड़ा ने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया। उन्होंने कहा, "आज हमारे लिए गर्व का दिन है। सरकार ने एक निडर पत्रकार को सम्मानित किया है। अश्विनी जी का देश के प्रति जो प्रेम था, आज उसी को यह सम्मान मिला है। इससे देश के उन तमाम पत्रकारों को प्रेरणा मिलेगी जो निडर होकर पत्रकारिता करना चाहते हैं।"

## कौन थे अश्विनी कुमार चोपड़ा

अश्विनी कुमार चोपड़ा एक वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व सांसद थे, जिन्हें मिन्ना के नाम से भी पहचाना जाता था। उनका जन्म 11 जून 1956 को पंजाब के जालंधर में हुआ था। उन्होंने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर से ग्रेजुएशन की और पंजाब यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स किया। इसके बाद उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से भी पत्रकारिता का कोर्स किया। वे रणजी ट्रॉफी स्तर के क्रिकेटर भी रह चुके थे। पेशेवर तौर पर वे हिंद समाचार समूह से जुड़े रहे और दैनिक पंजाब केसरी (दिल्ली संस्करण) के मुख्य संपादक एवं रेसिडेंट एडिटर रहे। उनकी पहचान एक बेबाक और साहसी पत्रकार के रूप में थी। साल 2014 में हरियाणा की करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर वे सांसद चुने गए। 18 जनवरी 2020 को 63 वर्ष की उम्र में फेफड़ों के कैंसर की लंबी बीमारी के बाद गुरुग्राम के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। वे पंजाब केसरी समूह का प्रमुख चेहरा थे और दिल्ली की पत्रकारिता में अपनी दमदार लेखनी के लिए हमेशा याद किए जाते हैं।

---
_TrendKia — Har trend, sabse pehle._