बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पार्टी के चार में से तीन विधायकों ने बगावत का झंडा उठा लिया है और विधानसभा अध्यक्ष के पास पहुंचकर अलग गुट के रूप में मान्यता देने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा है। इस सियासी घटनाक्रम से पार्टी के भीतर लंबे समय से चल रही अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
कौन हैं बागी विधायक
पार्टी से बगावत करने वाले इन तीनों विधायकों के नाम सामने आ चुके हैं। इनमें मधुबनी से विधायक माधव आनंद, दिनारा से विधायक और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह तथा बाजपट्टी से विधायक रामेश्वर महतो शामिल हैं। इन तीनों नेताओं के बागी होने से विधानसभा के अंदर पार्टी की ताकत लगभग समाप्त हो गई है और संगठन पर गहरा संकट मंडराने लगा है।
किस बात से नाराज थे विधायक
सूत्रों के अनुसार इन तीनों विधायकों की नाराजगी की मुख्य वजह उपेंद्र कुशवाहा द्वारा अपने बेटे को मंत्री पद दिलाना रहा है। बेटे को मंत्री बनाए जाने के इस फैसले के बाद से ही ये नेता पार्टी के भीतर असहज महसूस कर रहे थे और समय-समय पर अपनी असंतुष्टि जाहिर भी कर चुके हैं। अंदरखाने सुलग रही यह नाराजगी आखिरकार खुलकर बगावत के रूप में सामने आ गई।
अब पार्टी में बची हैं सिर्फ एक विधायक
इस बड़े सियासी घटनाक्रम के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पास अब सदन में केवल एक ही विधायक शेष बची हैं। पार्टी में बची हुई यह चौथी विधायक स्नेहलता कुशवाहा हैं, जो उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी हैं। इस तरह से चार विधायकों वाली पार्टी का एक बड़ा हिस्सा अलग होने की कगार पर पहुंच गया है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा असर पड़ सकता है।



















