जैकी श्रॉफ, रणदीप हुड्डा और दीया मिर्जा जैसे कई फिल्मी सितारे पर्यावरण और प्रकृति को लेकर अपनी सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। इसी कड़ी में शाहरुख खान और काजोल की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में 'छुटकी' का किरदार निभाने वाली पूजा रूपारेल का नाम भी जुड़ गया है, जिनका प्रकृति से गहरा लगाव हाल ही में एक घटना के दौरान सामने आया। मुंबई में पार्क के अंदर पुराने पेड़ों को काटे जाने की घटना ने अभिनेत्री को अंदर से झकझोर कर रख दिया और वह खुद को रोक नहीं पाईं। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह पेड़ों की कटाई पर बुरी तरह रोती और अपना दर्द बयां करती दिख रही हैं। उनका यह रूप देखकर उनके फैंस भी हैरान हैं।
वर्सोवा के नाना-नानी पार्क का मामला
पूजा रूपारेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक के बाद एक कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह मुंबई के वर्सोवा स्थित नाना-नानी पार्क में पुराने बरगद और अन्य पेड़ों को काटे जाने पर फफक-फफक कर रो रही हैं। पहला वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा कि यह पक्षियों और हमारे पूर्वजों के आवास का विनाश है और साथ ही कानून का खुला उल्लंघन भी है। उन्होंने वीडियो में कहा कि ये महज साधारण पेड़ नहीं थे, बल्कि 35 साल पुराने हेरिटेज पेड़ थे जिन्हें बीएमसी द्वारा काटा जा रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सब पूरी तरह से अवैध है और अधिकारियों को यह समझ ही नहीं आ रहा है कि उन्होंने पर्यावरण को कितना नुकसान पहुंचाया है।
पक्षियों के उजड़ते आशियाने पर छलका दर्द
वीडियो में अभिनेत्री आगे कहती हैं कि इन पेड़ों के गिरने से पक्षियों का भोजन छिन गया है क्योंकि वे इन्हीं पेड़ों के फल खाकर जीते थे। उन्होंने कहा कि सारे पक्षी भी वहां यह देखने के लिए आए हैं कि उनके घरों के साथ क्या खिलवाड़ किया जा रहा है। पूजा ने सवाल किया कि आखिर वे बेजुबान पक्षी और उनका आशियाना क्यों जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ एक पेड़ नहीं काट रहे, बल्कि किसी का पूरा परिवार और उनका पूरा सिस्टम तबाह कर रहे हैं। इतने विशाल पेड़ को उगने में कई साल लग जाते हैं और ये हवा से कार्बन लेते हैं। रोते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने हमारे पूर्वजों को चीर दिया है और इसे कोई ताकत नहीं कहा जा सकता।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का वीडियो
मामले से जुड़े एक अन्य वीडियो में महिला पुलिसकर्मी पूजा रूपारेल को अपने साथ ले जाती हुई नजर आ रही हैं। इस दौरान वीडियो में वह जोर-जोर से चीखती हुई कहती सुनाई देती हैं कि उन्हें जबरन वहां से ले जाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अच्छे काम के लिए और सही बात के लिए आवाज उठाने की वजह से उनका पुलिस स्टेशन जाना पहली बार नहीं हो रहा है। हाल ही के दिनों में पूजा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रही थीं, जब उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी शादी टूटने का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि तीन साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद उन्होंने शादी की थी, लेकिन आपसी संवाद की कमी के चलते उनकी वह शादी सिर्फ तीन महीने के भीतर ही टूट गई थी।



















