बचपन से ही तमाम युवाओं का सपना वर्दी पहनकर पुलिस विभाग में सेवा देने का होता है। इसी सपने को पूरा करने के लिए इस समय मध्य प्रदेश के हजारों युवा कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी में पूरी शिद्दत से जुटे हुए हैं। लिखित परीक्षा संपन्न हो जाने के बाद अब पूरा दारोमदार फिजिकल फिटनेस टेस्ट पर आ गया है। चाहे छात्र हों या छात्राएं, सभी सुबह की कड़ाके की ठंड की परवाह किए बिना मैदानों में घंटोंसीना बहा रहे हैं। कोई रनिंग सुधारने में लगा है तो कोई गोला फेंक और लॉन्ग जंप में महारत हासिल करने के लिए पसीना बहा रहा है। बिना किसी पेशेवर मार्गदर्शन के या अचानक से शुरू की गई कठिन शारीरिक गतिविधियों के कारण अक्सर युवाओं को मांसपेशियों में खिंचाव, घुटनों के दर्द, कंधों में जर्क, दौड़ते समय सांस फूलने और बीच मैदान में ही थककर रुक जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन तमाम मुश्किलों से पार पाते हुए फिजिकल में अधिकतम अंक कैसे हासिल किए जाएं, इस बारे में मध्य प्रदेश के सागर स्थित पटेल फिजिकल अकादमी के कोच राहुल पटेल ने विस्तार से जानकारी दी है।
चार साल से युवाओं को दे रहे हैं सफलता का प्रशिक्षण
कोच राहुल पटेल पिछले चार साल से लगातार युवाओं को भारतीय सेना, अग्निवीर, पुलिस, सीआईएसएफ और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहे हैं। उनकी देखरेख में अब तक 600 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न विभागों में सफलता हासिल कर चुके हैं। सागर जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद युवाओं के जोश में कोई कमी नहीं आई है। सुबह के ठीक 5 बजते ही शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ कसरत और दौड़ का अभ्यास करती हुई साफ नजर आने लगती है। हर कोई अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने और अंतिम चयन सूची में अपना स्थान पक्का करने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहा है क्योंकि लिखित परीक्षा के बाद अब चयन की पूरी प्रक्रिया फिजिकल के अंकों पर टिकी हुई है।
रनिंग और वार्मअप से जुड़े जरूरी नियम
राहुल पटेल का कहना है कि जो भी अभ्यर्थी अपनी फिजिकल तैयारी की शुरुआत कर रहे हैं, उन्हें सबसे पहले निरंतरता का खास ध्यान रखना होगा। अभ्यास में किसी भी तरह का गैप नहीं होना चाहिए। ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा कि दो दिन मैदान पर आ गए और फिर दो दिन का विश्राम ले लिया या कभी कभार अभ्यास कर लिया। सफलता पाने के लिए नियमित रूप से ग्राउंड पर आना और पसीना बहाना जरूरी है। दौड़ लगाने से पहले शरीर का वार्मअप करना और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करना सबसे अहम चरण होता है। जब शरीर पूरी तरह से खुल जाए और मांसपेशियों में लचीलापन आ जाए, तभी रनिंग का अभ्यास शुरू करना चाहिए। शुरुआत हमेशा धीमी गति से की जानी चाहिए और फिर धीरे-धीरे रफ्तार बढ़ानी चाहिए। इसके अलावा, अभ्यास के दौरान कभी भी पक्की सड़कों पर नहीं दौड़ना चाहिए। सड़क पर दौड़ने से पैरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है जिससे घुटनों में तेज दर्द और मांसपेशियों में खिंचाव की गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं, इसलिए हमेशा मैदान की मिट्टी पर ही अभ्यास करना उचित है.
लॉन्ग जंप और गोला फेंक की सही तकनीक
दौड़ में महारत हासिल करने के बाद अभ्यर्थियों को लॉन्ग जंप यानी लंबी कूद का अभ्यास शुरू करना चाहिए। निरंतर और सही तकनीक के साथ अभ्यास करने से लॉन्ग जंप का दायरा आसानी से कवर होने लगता है। इसी प्रकार जब छात्र गोला फेंक का अभ्यास करते हैं, तो उसमें भी शरीर की स्ट्रेचिंग बेहद जरूरी होती है। अगर बिना वार्मअप या स्ट्रेचिंग के भारी गोला फेंका जाए, तो कंधे और कमर में झटका यानी जर्क लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है। यदि अभ्यर्थी अपने शरीर में स्ट्रेचिंग और लचीलापन लगातार बनाए रखते हैं, तो उन्हें इस तरह की शारीरिक परेशानियों से आसानी से मुक्ति मिल जाती है और वे चोटिल होने से भी बच जाते हैं।
मध्य प्रदेश में कुल 7500 पदों पर कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इन पदों के लिए राज्यभर से करीब 10 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें उच्च शिक्षा प्राप्त पोस्ट ग्रेजुएट और यहां तक कि पीएचडी होल्डर युवा भी शामिल हैं। आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो एक अकेले पद के लिए लगभग 1300 दावेदार मैदान में हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर बेहद कड़ा हो गया है। जो युवा अपने तन पर पुलिस की वर्दी देखने का सपना संजोए बैठे हैं, उन्हें इस भारी भीड़ से आगे निकलने के लिए सामान्य से कहीं अधिक कड़ी मेहनत करनी होगी। प्रशासनिक और परीक्षा से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस भर्ती का फिजिकल एग्जाम आगामी मार्च के महीने में आयोजित किया जा सकता है, जिसके लिए युवाओं के पास अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का सीमित समय बचा हुआ है।
फिजिकल परीक्षा के कुल अंक और मेरिट का गणित
पुलिस कांस्टेबल परीक्षा कुल 200 अंकों की है, जिसे दो भागों में बांटा गया है। इसमें से 100 अंकों की लिखित परीक्षा पहले ही संपन्न हो चुकी है और अब शेष 100 अंकों की फिजिकल परीक्षा होनी बाकी है। इस फिजिकल के तहत 40 अंक रनिंग के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 30 अंक गोला फेंक के और 30 अंक लॉन्ग जंप के लिए मिलेंगे। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों और फिजिकल टेस्ट में मिलने वाले स्कोर को मिलाकर ही अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसी मेरिट के आधार पर सफल अभ्यर्थियों का चयन होगा और उनका पुलिस में भर्ती होने का सपना सच साबित हो पाएगा। इसलिए फिजिकल के हर एक इवेंट में अधिकतम स्कोर करना हर अभ्यर्थी के लिए बेहद अनिवार्य हो गया है।























