महाराष्ट्र के पुणे जिला एवं सेशंस कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अदालत में पेशी के लिए आए एक युवक पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसके बाद बदमाशों ने धारदार हथियारों से उसका हाथ भी कलाई से काट डाला। इस दुस्साहसिक हमले के बाद कोर्ट परिसर के बाहर अफरा-तफरी और भारी हड़कंप मच गया।
जमानत पर बाहर आया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक कुछ ही दिन पहले यानी चार दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। वह किसी मामले की पेशी के सिलसिले में पुणे कोर्ट पहुंचा था। घात लगाए बैठे हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। वारदात के दौरान चार से पांच और कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब दस से पंद्रह हमलावर मौके पर मौजूद थे जिन्होंने इस खूनी खेल को अंजाम दिया।
दो स्कूटरों पर सवार होकर भागे बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, हमलावरों ने पहले युवक पर गोलियां चलाईं और फिर कुल्हाड़ियों व धारदार हथियारों से उसके दोनों हाथ काट दिए। इस हमले में एक अन्य शख्स के भी घायल होने की खबर है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दो स्कूटरों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से न्यायिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस जांच और गैंगवार का एंगल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और फरार चल रहे छह से अधिक आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। शुरुआती पड़ताल में यह अंदेशा भी जताया जा रहा है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश या भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसकी सुपारी दी गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।



















