पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति से सोने की चेन और ओम पेंडेंट झपटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी जिले की एंटी-स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल ने एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी नाहिद आजाद को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट, डकैती, स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट समेत 25 से भी अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने भागते समय कपड़े, हेलमेट और गाड़ी की फर्जी नंबर प्लेट तक बदल दी थी, लेकिन डिजिटल सर्विलांस के जाल से वह बच नहीं सका।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी झपटमारी
यह पूरी घटना 27 अक्टूबर की सुबह लगभग 7 बजे की है, जब न्यू अशोक नगर स्थित पार्वती विहार अपार्टमेंट के पास पीड़ित विजय कुमार सेठ टहल रहे थे। उसी समय मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और उसमें लगा ओम का पेंडेंट छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार में फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और नकली नंबर प्लेट से भ्रमित करने की कोशिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी जिले के एएसबी सेल की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। शुरुआती जांच में जब एएनपीआर (ANPR) कैमरों से मोटरसाइकिल का नंबर निकाला गया और वाहन रिकॉर्ड की जांच की गई, तो वह नंबर एक स्कूटर का निकला। इससे पुलिस को साफ हो गया कि बदमाशों ने पहचान छिपाने की नीयत से फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
सीसीटीवी की गहन समीक्षा से पता चला कि आरोपी न्यू अशोक नगर से निकलकर कल्याणपुरी और नाला रोड के रास्ते भागे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए दोनों बदमाशों ने रास्ते में ही अपने कपड़े, हेलमेट, मोटरसाइकिल चलाने का तरीका और यहां तक कि नंबर प्लेट भी बदल ली थी। हालांकि, गाजीपुर अंडरपास के पास लगे कैमरों के बैकवर्ड रूट एनालिसिस से पुलिस को मोटरसाइकिल का असली पंजीकरण नंबर मिल गया।
सिम कार्ड की जगह वाई-फाई और ऐप का इस्तेमाल
जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि मोटरसाइकिल एजाज नाम के शख्स की है, जिसने इसे अपने ससुर असलम को दी थी। असलम से पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गाड़ी उनके जानकार नाहिद आजाद के पास थी, जो मांगने पर भी बाइक वापस नहीं लौटा रहा था। नाहिद बेहद सतर्कता बरत रहा था और वह सामान्य मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल नहीं करता था, ताकि सेलुलर टावर से उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।
वह अपने साथी अफजल से संपर्क करने के लिए केवल वाई-फाई इंटरनेट और 'जंगली' (Jangli) नाम के एप्लिकेशन का उपयोग करता था। दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी और वहीं से उन्होंने साथ मिलकर अपराध करने की साजिश रची थी।
कड़कड़डूमा कोर्ट के पास से गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
तमाम चालाकियों के बावजूद पुलिस के मुखबिर तंत्र ने नाहिद की मौजूदगी की सटीक जानकारी जुटा ली। खबर मिली कि वह कड़कड़डूमा कोर्ट के पास मौजूद है, जिसके बाद एएसबी सेल ने तुरंत घेराबंदी कर नाहिद आजाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कुबूला कि झपटमारी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटी गई सोने की चेन उत्तर प्रदेश के मोदीनगर निवासी उसके साथी अफजल के पास है। पुलिस टीम अब अफजल को पकड़ने और लूटा गया सामान बरामद करने के लिए मोदीनगर और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।






















