भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी खड़गपुर ने देश में एक नया इतिहास रच दिया है। यह संस्थान अब देश का पहला ऐसा आईआईटी बन गया है जहां पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स की शुरुआत की जाएगी। नेशनल मेडिकल काउंसिल यानी एनएमसी ने इस प्रतिष्ठित संस्थान को मेडिकल पाठ्यक्रम संचालित करने की औपचारिक अनुमति दे दी है। इस मंजूरी के बाद देश के तकनीकी शिक्षा संस्थानों में चिकित्सा शिक्षा की एक नई शुरुआत होने जा रही है।
मेडिकल कोर्स शुरू करने वाला पहला तकनीकी संस्थान
मौजूदा समय में आईआईटी खड़गपुर के अलावा देश के किसी भी अन्य आईआईटी को नेशनल मेडिकल काउंसिल की तरफ से मेडिकल कोर्स चलाने की अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने 31 मार्च 2026 को इस संबंध में एनएमसी के पास आधिकारिक आवेदन दाखिल किया था। अपने इस प्रस्ताव में आईआईटी खड़गपुर की तरफ से पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन यानी एमडी की कुल 20 सीटों के आवंटन की मांग रखी गई थी।
आईआईटी खड़गपुर में मेडिकल शिक्षा शुरू करने के इस प्रयास को शिक्षा मंत्रालय का भी पूरा समर्थन मिला है। हालांकि इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने की जिम्मेदारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेशनल मेडिकल काउंसिल के पास थी, जिन्होंने अब इस पर अपनी मुहर लगा दी है।
अक्टूबर में एनएमसी की टीम ने किया था निरीक्षण
बीते महीने यानी अक्टूबर 2026 के दौरान नेशनल मेडिकल काउंसिल की एक विशेषज्ञ टीम ने आईआईटी खड़गपुर परिसर का दौरा किया था। इस टीम ने कैंपस में स्थित डॉक्टर बी सी रॉय मेडिकल कॉलेज का बारीकी से जायजा लिया और वहां उपलब्ध बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। इसी निरीक्षण के बाद एनएमसी की तरफ से कोर्स शुरू करने की यह महत्वपूर्ण अनुमति जारी की गई है।
इसी दौरे के क्रम में अक्टूबर में एनएमसी की टीम ने आईआईटी खड़गपुर के बलरामपुर परिसर में स्थित श्यामा प्रसाद इंस्टिट्यूट ऑफ मेडकल साइंस एंड रिसर्च का भी निरीक्षण किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डॉक्टर ऑफ मेडिसिन के छात्र इसी परिसर में व्यावहारिक और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे। संस्थान में प्रवेश पाने के लिए छात्रों को नीट परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी, जिसके माध्यम से ही वे दाखिला ले सकेंगे। इस शैक्षणिक कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए संस्थान द्वारा 20 डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है, जो 2027 के सत्र से प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्रदान करेंगे।
विभिन्न विषयों के लिए दिए गए थे आवेदन
आईआईटी खड़गपुर की ओर से सामान्य चिकित्सा यानी जनरल मेडिसिन के साथ-साथ रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, फिजियोलॉजी और कम्युनिटी मेडिसिन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई शुरू करने के वास्ते एनएमसी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। पश्चिम बंगाल स्थित इस आईआईटी परिसर में बने डॉक्टर वी सी रॉय मल्टी-स्पैसियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर की आधारशिला देश के तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा 17 मई 2007 को रखी गई थी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत एक एमबीबीएस कॉलेज के साथ-साथ एक अत्याधुनिक सुपर-स्पैसियलिटी अस्पताल के निर्माण की परिकल्पना की गई थी, जो अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।



















