इंसान के भीतर यदि कुछ कर दिखाने का गहरा जज्बा हो, तो विकट से विकट परिस्थितियां भी उसके मार्ग में रुकावट नहीं बन सकती हैं। हरियाणा के पलवल जिले के अंतर्गत आने वाले अलावलपुर गांव से ताल्लुक रखने वाले योगेश शर्मा ने इसी बात को सच साबित करते हुए एक अनूठी मिसाल पेश की है। एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे योगेश ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर दुनिया भर में एक खास मुकाम हासिल किया है। दौड़ को अपनी जिंदगी का मुख्य लक्ष्य बनाने वाले योगेश ने अपने करियर के दौरान सैकड़ों पदक और ट्रॉफियां अपने नाम की हैं, जिससे उन्होंने अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शिक्षा और शुरुआती खेल सफर
योगेश शर्मा ने अपनी शुरुआती और 12वीं तक की स्कूली शिक्षा अपने पैतृक गांव से ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली का रुख किया और वहां से बीएससी तथा एमएससी की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2012 से लेकर 2026 तक के लंबे सफर में योगेश शर्मा ने 400 से अधिक दौड़ प्रतियोगिताओं में विजय प्राप्त की है। इस दौरान उन्होंने लगभग 6 से 7 अंतरराष्ट्रीय रेसों में भी जीत दर्ज की। उन्होंने पुणे वर्ल्ड मैराथन ट्रॉफी पर भी अपना कब्जा जमाया। स्थिति यह रही कि पूरे भारत में शायद ही कोई ऐसा शहर बचा होगा जहां योगेश शर्मा ने जाकर दौड़ न लगाई हो और अपनी प्रतिभा का लोहा न मनवाया हो।
असाधारण रिकॉर्ड और उपलब्धियां
योगेश शर्मा के नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने 150 से अधिक राष्ट्रीय स्तर की रेसों में हिस्सा लिया है और 1100 से अधिक बार फिजिकल टेस्ट दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 200 से ज्यादा स्टेट मेडल और 25 से अधिक नॉर्थ जोन मेडल अपने नाम किए हैं। उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी मेडल भी जीता है और खेलो इंडिया में पार्टी स्पॉन्सर भी रह चुके हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने वर्ल्ड मेजर मैराथन का खिताब अपने नाम किया था। उनकी इस लंबी फेरिहरत ने उन्हें देश के शीर्ष एथलीटों की श्रेणी में ला खड़ा किया है, जहां हर युवा उनके जैसा बनना चाहता है।
कोचिंग का सफर और अमेरिकी छात्रों को प्रशिक्षण
जब योगेश किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जाते थे, तो वहां के युवा उनसे बेहद प्रभावित होते थे और उनसे दौड़ने का राज पूछते थे। यहीं से उनके भीतर एक शिक्षक और कोच का जन्म हुआ। योगेश ने खिलाड़ियों को पेशेवर रूप से प्रशिक्षित करना शुरू किया और एक कुशल कोच के रूप में उभरे। योगेश शर्मा का कहना है कि आज उनसे प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बन चुके हैं। उनका दावा है कि शायद ही देश का कोई ऐसा विभाग बचा होगा जहां उनके द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ी कार्यरत न हों। वर्तमान में वह 200 से अधिक खिलाड़ियों को ऑनलाइन कोचिंग दे रहे हैं, जिनमें भारत के साथ-साथ सऊदी अरब और यूरोप के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
ओलंपिक का अधूरा सपना और भविष्य की योजनाएं
अपनी इस शानदार यात्रा के बावजूद योगेश का एक सपना अभी अधूरा है। उन्होंने तीन बार ओलंपिक ट्रायल दिए, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया और वे ओलंपिक खेलों तक नहीं पहुंच सके। उनका कहना है कि ओलंपिक ट्रायल से कुछ दिन पहले या तो वे गंभीर रूप से बीमार हो जाते थे या फिर उन्हें कोई बड़ी चोट लग जाती थी। आखिरी बार जब वे ओलंपिक ट्रायल की तैयारी कर रहे थे, तब उनके पिता का साया उनके सिर से उठ गया। इन तमाम बाधाओं के बावजूद योगेश की हिम्मत नहीं टूटी है और वे अब आगामी 2028 ओलंपिक के लिए पूरी शिद्दत से तैयारी में जुटे हुए हैं।
अमेरिका से कोचिंग का प्रस्ताव
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोचिंग और प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले योगेश शर्मा को अमेरिका से कोचिंग का एक बड़ा ऑफर मिला है। योगेश का मानना है कि भारत में खेल और एथलीटों के लिए अभी भी बहुत कम सुविधाएं उपलब्ध हैं और उन्हें अपने सफर में किसी बाहरी संस्था का समर्थन नहीं मिला, केवल उनके परिवार ने उनका साथ दिया। इन परिस्थितियों को देखते हुए वे अगले 2 साल के लिए अमेरिका में एक कोच के तौर पर काम करने पर विचार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि उन्हें वहां का पैकेज पसंद आता है, तो वे भारत को अलविदा भी कह सकते हैं और अपने करियर की नई पारी विदेश में शुरू कर सकते हैं।





















