हॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग अपने ऐतिहासिक करियर में पहली बार किसी वेस्टर्न जॉनर की फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं। अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म डिस्क्लोजर डे के बाद स्पीलबर्ग बुकर प्राइज की लॉन्गलिस्ट में शामिल रहे लेखक केविन बैरी के मशहूर उपन्यास द हार्ट इन विंटर पर आधारित एक बड़े प्रोजेक्ट को पर्दे पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इस अनटाइटल्ड फिल्म की पटकथा जाने-माने फिल्मकार और ऑस्कर विजेता पॉल थॉमस एंडरसन ने लिखी है, जिससे हॉलीवुड के दो सबसे प्रभावशाली निर्देशकों की यह बहुप्रतीक्षित रचनात्मक साझेदारी आधिकारिक तौर पर तय हो गई है।
1800 के दशक की पृष्ठभूमि और शानदार स्टारकास्ट
इस पीरियड फिल्म की कहानी 1800 के दशक के अंतिम वर्षों के अमेरिकी वेस्ट की पृष्ठभूमि पर रची गई है। कथानक दो ऐसे भगोड़े प्रेमियों के इर्द-गिर्द घूमता है, जो विपरीत परिस्थितियों के बीच एक नया जीवन शुरू करने और अपनी मंजिल तलाशने की जद्दोजहद में जुटे हैं। इन दोनों केंद्रीय किरदारों को निभाने के लिए सिलियन मर्फी और जेसी बकली को कास्ट किया गया है। उनके साथ अनुभवी अभिनेता मार्क रायलेंस भी एक प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। सिलियन मर्फी और जेसी बकली पहली बार एक साथ किसी फीचर फिल्म में स्क्रीन साझा करने जा रहे हैं, जबकि स्पीलबर्ग ने हाल ही में बकली की फिल्म हैमनेट को प्रोड्यूस भी किया था।
कैमरे के पीछे की पुरानी टीम और साझा विजन
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी स्पीलबर्ग के लंबे समय से सहयोगी रहे जानुस कामिंस्की को सौंपी गई है, जिन्होंने शिंडलर्स लिस्ट और सेविंग प्राइवेट रयान जैसी यादगार फिल्मों में शानदार विजुअल्स गढ़े हैं। इस प्रोजेक्ट के जरिए स्पीलबर्ग और एंडरसन की गहरी व्यक्तिगत दोस्ती अब एक पेशेवर साझेदारी में बदल रही है। अपनी इस आगामी फिल्म और एंडरसन के साथ काम करने को लेकर स्पीलबर्ग ने कहा कि अपने प्रिय मित्र और सहयोगी पॉल थॉमस एंडरसन के साथ किसी जॉनर पर काम करने का रोमांच बेहद खास है, लेकिन उस जॉनर से भी बढ़कर यह एक ऐसी कहानी है जो बहुत जल्दी हम दोनों के दिलों के करीब आ गई और हमें लगा कि हम इसे एक टीम के रूप में बना सकते हैं।
पात्रों का चयन और निर्माण से जुड़ी योजनाएं
फिल्म के मुख्य कलाकारों के चुनाव पर चर्चा करते हुए स्पीलबर्ग ने कहा,
"This story is about the people who refused to settle for a life that is less then they deserve but maybe more than they can handle."उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि इस खास कहानी के लिए सबसे पहले जेसी बकली और सिलियन मर्फी के नाम ही उनके जेहन में आए थे, जिन्होंने इससे पहले कभी एक साथ काम नहीं किया है। निर्माण कार्यक्रम के अनुसार इस फिल्म की शूटिंग अगली सर्दियों में शुरू करने की योजना बनाई गई है, जबकि इसे संभावित रूप से साल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।



















