पितृत्व अवकाश को लेकर अक्सर कर्मचारियों के मन में कई तरह के संशय बने रहते हैं, जिनका समाधान अब गुवाहाटी हाईकोर्ट ने एक ताजा आदेश के जरिए कर दिया है। अदालत की मुख्य पीठ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए लागू नए दिशा-निर्देशों में उन सभी जटिल परिस्थितियों के बारे में विस्तार से बताया है, जो अक्सर असमंजस का कारण बनती हैं। इस नई अधिसूचना के तहत पात्र पुरुष कर्मचारियों के लिए दो सप्ताह का अवकाश तय किया गया है, जिसके दायरे में नियमित कर्मियों के साथ-साथ संविदा कर्मचारी भी आते हैं। हालांकि इस विशेष छुट्टी को पाने के लिए परिवार में जीवित बच्चों की संख्या और बच्चे के आगमन के तरीके से जुड़े कुछ कड़े नियम तय किए गए हैं।
जुड़वां बच्चों के जन्म पर क्या रहेगा नियम
कर्मचारियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह रहता है कि यदि घर में पहले से एक संतान है और दोबारा जुड़वां बच्चे पैदा होते हैं, तो क्या छुट्टी मिलेगी। हाईकोर्ट के नए नियमों ने इस स्थिति पर पूरी तरह से स्थिति साफ कर दी है। यदि किसी पुरुष कर्मचारी का एक बच्चा पहले से जीवित है और उसकी पत्नी एक साथ दो बच्चों को जन्म देती है, तो भी वह कर्मचारी इस पितृत्व अवकाश का पूरा हकदार होगा। इस प्रकार के मामलों में जुड़वां संतानों के जन्म को इस लाभ से बिल्कुल बाहर नहीं रखा गया है, और कर्मचारी को सामान्य जन्म की भांति ही चौदह दिन का अवकाश प्रदान किया जाएगा।
दो बच्चों को गोद लेने के बाद संतान होने पर स्थिति
अधिसूचना के मुताबिक छुट्टी मंजूर करते वक्त आवेदन की तारीख पर कुल जीवित बच्चों की गिनती की जाती है। यदि किसी पुरुष कर्मी के पास पहले से दो जीवित बच्चे हैं, तो वह इस लाभ से वंचित रह जाएगा। इस नियम में जैविक और कानूनी रूप से गोद लिए गए दोनों तरह के बच्चे शामिल होते हैं। इसका सीधा अर्थ यह है कि अगर किसी व्यक्ति ने पहले ही दो बच्चों को गोद ले रखा है और बाद में उसके घर अपनी संतान का जन्म होता है, तब भी उसे पितृत्व अवकाश नहीं मिलेगा क्योंकि उसके दो जीवित बच्चे पहले से ही मौजूद हैं।
अवधि, वेतन और आवेदन का समय
नए प्रावधानों के तहत जिन पुरुष कर्मचारियों के दो से कम जीवित बच्चे हैं, उन्हें पत्नी के प्रसव के दौरान दो सप्ताह यानी चौदह दिन का अवकाश मिल सकता है। इस छुट्टी को बच्चे के जन्म से चौदह दिन पहले से लेकर जन्म की तारीख से छह महीने के भीतर किसी भी समय उपयोग किया जा सकता है। इस पूरी अवधि के दौरान कर्मचारी को उतना ही पूरा वेतन मिलता रहेगा जितना वह अवकाश पर जाने से ठीक पहले पा रहा था।
सरोगेसी और गोद लेने के मामलों में प्रावधान
गुवाहाटी हाईकोर्ट ने सरोगेसी के जरिए पिता बनने वाले पुरुषों के लिए भी अवकाश का रास्ता साफ किया है। जिन कर्मचारियों के दो से कम जीवित बच्चे हैं और वे कमीशनिंग फादर बनते हैं, वे बच्चे के जन्म से छह महीने के भीतर दो सप्ताह की छुट्टी ले सकते हैं। इसके अलावा बच्चा गोद लेने वाले अभिभावकों को भी यह सुविधा दी गई है। यह लाभ दो खास स्थितियों में मिलता है, जिनमें पहला तब है जब कर्मचारी बच्चे को प्री-एडॉप्शन फोस्टर केयर में लेता है और दूसरा तब जब वह एक वर्ष से कम उम्र के शिशु को कानूनी रूप से गोद लेता है। इन मामलों में केंद्रीय या राज्य स्तर की मान्यता प्राप्त एजेंसी के दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी करनी अनिवार्य होती हैं।



















