राजस्थान के बारां जिले की एक स्थानीय अदालत ने मानवीय रिश्तों को तार-तार कर देने वाले दोहरे हत्याकांड के मामले में कड़ा फैसला सुनाया है। खेती-किसानी के रुपयों को लेकर उपजे विवाद के दौरान अपने ही माता-पिता की निर्मम हत्या करने वाले बेटे को अदालत ने दोषी करार दिया है। इस गंभीर जुर्म के लिए आरोपी को उम्रकैद की कठोर सजा दी गई है, साथ ही उस पर आर्थिक दंड भी लगाया गया है। इस सनसनीखेज फैसले के बाद स्थानीय नागरिकों ने न्याय व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा है कि इस तरह के गंभीर अपराधों में कठोर सजा मिलना समाज के लिए जरूरी है।
रिद्धिका कॉलोनी में हुई थी खौफनाक वारदात
यह दर्दनाक घटना बारां शहर के अंतर्गत आने वाली रिद्धिका कॉलोनी में घटित हुई थी। यहां रहने वाले बुजुर्ग दंपति प्रेम बिहारी गौतम और उनकी पत्नी देवकी बाई की जिंदगी का अंत उनके अपने ही बेटे गजेंद्र कुमार गौतम ने 7 मई 2024 की रात को कर दिया था। उस रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच पिता और पुत्र के बीच खेतीबाड़ी से जुड़े वित्तीय लेनदेन को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना गहरा गया कि आरोपी ने आपा खो दिया। गुस्से में अंधे होकर उसने धारदार हथियार उठाया और अपने माता-पिता के सिर, चेहरे, नाक और शरीर के अन्य संवेदनशील अंगों पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इन गंभीर चोटों के कारण दोनों बुजुर्गों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
साक्ष्य मिटाने की गई थी नाकाम कोशिश
इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कानून की नजरों से बचने और सबूत मिटाने का भी पूरा प्रयास किया था। उसने दोनों माता-पिता के शवों को घर के अंदर ही बंद कर दिया और फर्श पर फैले खून के निशानों को कपड़ों से साफ करने की कोशिश की ताकि किसी को उसकी करतूत पर शक न हो। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर सभी साक्ष्य जुटाए और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
18 गवाहों के बयानों और साक्ष्यों पर फैसला
पुलिस द्वारा अदालत में चालान पेश किए जाने के बाद इस मामले की नियमित सुनवाई की गई। अदालत में अभियोजन पक्ष की पैरवी अपर लोक अभियोजक मदन मोहन नागर ने बेहद मजबूती के साथ की। सुनवाई के दौरान अदालत के समक्ष कुल 18 महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज कराए गए और 56 पुख्ता दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। इन्हीं ठोस सबूतों और गवाहों की गवाही के आधार पर न्यायालय ने आरोपी गजेंद्र कुमार गौतम को इस दोहरे हत्याकांड का दोषी माना और उसे आजीवन कारावास के साथ 30 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया।



















