राजस्थान के झालावाड़ जिले में स्थित झालरापाटन शहर इन दिनों लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर है। पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चंद्रभागा कार्तिक पशु मेले के अंतर्गत मेला मैदान के रंगमंच पर भव्य सांस्कृतिक और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में स्थानीय निवासियों से लेकर दूर-दराज के इलाकों से आए प्रतिभागियों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मेले में पहुंचे विदेशी सैलानी भी इन पारंपरिक आयोजनों को देखकर हैरान रह गए और उन्होंने तालियां बजाकर कलाकारों का जमकर उत्साहवर्धन किया।
मूंछ और साफा बंधन प्रतियोगिता में दिखा पारंपरिक अंदाज
मेले में आयोजित पारंपरिक स्पर्धाओं के बारे में जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी ने बताया कि इस बार मूंछ, साफा बंधन, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का खासा आकर्षण रहा। मूंछ प्रतियोगिता में कुल 9 पुरुषों ने अपनी लंबी और रोबीली मूंछों का प्रदर्शन किया। निर्णायकों ने मूंछों की लंबाई, उनकी बनावट, मजबूती और सुंदरता के आधार पर विजेताओं का फैसला किया। इसके लिए बकायदा इंच टेप की मदद से मूंछों के एक-एक हिस्से को नापा गया। दूसरी तरफ, राजस्थानी आन-बान-शान के प्रतीक साफा बंधन मुकाबले में भी प्रतिभागियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर कलात्मक ढंग से साफा बांधकर अपनी क्षमता दिखाई।
3.5 फीट लंबी मूंछ के साथ धन्ना लाल गुर्जर बने चैंपियन
मूंछों की जंग में कोटा जिले के दीगोद स्थित नरपतखेड़ी गांव के रहने वाले धन्ना लाल गुर्जर ने पहला स्थान प्राप्त किया। धन्ना लाल की मूंछ की केवल एक तरफ की लंबाई ही लगभग साढ़े तीन फीट है। अपनी इस अनोखी उपलब्धि पर बात करते हुए धन्ना लाल ने बताया कि वे साल 2004 से लगातार इस मेले की मूंछ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं और हर बार कोई न कोई स्थान हासिल करके पुरस्कार जीतते आ रहे हैं। उन्होंने अपनी लंबी मूंछों का राज साझा करते हुए बताया कि वे रोजाना अपनी मूंछों को साफ पानी से धोते हैं। इसके बाद वे सरसों के तेल और ताजा भैंस के दूध के झाग से अपनी मूंछों की नियमित मालिश करते हैं, जिससे उनकी मूंछें मजबूत और चमकदार बनी रहती हैं।
मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाया हुनर
पुरुषों की पारंपरिक स्पर्धाओं के अलावा महिला वर्ग के लिए भी आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में कुल 11 बालिकाओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपने हाथों पर सुंदर तथा कलात्मक डिजाइन उकेरे। निर्णायक मंडल ने मेहंदी की बनावट और सुंदरता की समीक्षा करते हुए विजेताओं की घोषणा की। इसके साथ ही आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में महिला प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक सोच और रंगों के संयोजन से मेला प्रांगण को सजा दिया, जिसे देखकर दर्शक और विदेशी पर्यटक बेहद प्रसन्न नजर आए।



















