उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में आगामी चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों के सिलसिले में कल यानी 26 नवंबर को अपना नया घोषणापत्र जनता के सामने रखेगी। राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा है कि इस बार पार्टी का यह दस्तावेज कई मायनों में काफी अलग और व्यापक होने वाला है।
तीन अलग-अलग श्रेणियों में आएगा घोषणापत्र
लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी की तरफ से तीन अलग-अलग प्रारूपों में यह घोषणा-पत्र जारी किया जाएगा। इस पूरे दस्तावेज को जन-मन घोषणापत्र और सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र नाम से पुकारा जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के तमाम वर्गाें जैसे कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के अलावा आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।
राज्य, जिला और राजधानी स्तर पर अलग फोकस
पार्टी की योजना इस घोषणापत्र को कई स्तरों पर बांटकर पेश करने की है ताकि हर क्षेत्र की आवाज को शामिल किया जा सके। पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक मुख्य विजन और बड़े चुनावी वादे तय किए गए हैं, जो राज्य-स्तरीय घोषणापत्र का हिस्सा होंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिला-स्तरीय घोषणापत्र भी तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ के शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और स्थानीय मुद्दों को विशेष रूप से संबोधित करने के लिए एक अलग घोषणापत्र भी लाया जाएगा।



















