बिहार के खगड़िया जिले में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात चलाए गए एक गुप्त अभियान के दौरान 1 लाख रुपये का वांछित इनामी अपराधी मिथिलेश महतो पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी को इलाज के लिए पुलिस निगरानी में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मासूम चश्मदीद की हत्या की साजिश का खुलासा
सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि मिथिलेश महतो एक 10 वर्षीय बच्ची की हत्या करने की साजिश रच रहा है। यह बच्ची इस साल जून में चौथम थाना क्षेत्र में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड की मुख्य चश्मदीद गवाह है। जून में हुए उस हमले में बच्ची भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी जान बच गई थी। आरोपी गवाह को रास्ते से हटाकर अपने खिलाफ सबूत मिटाना चाहता था।
घेरने पर पुलिस टीम पर चलाई गोली
जैसे ही पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, उसने पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली मिथिलेश महतो के पैर में जा लगी। आरोपी खगड़िया जिले के गंगौर थाना अंतर्गत भादस गांव का रहने वाला है और उस पर कई हत्याओं और गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।
जून के तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी
जून महीने में मिथिलेश महतो ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। मृतकों में जयकांत पासवान, पार्वती देवी और रचना कुमारी शामिल थे। अपराधियों ने पीड़ितों पर हथौड़े से वार किया था और धारदार हथियार से उनका गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया था। इस नृशंस वारदात के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
हथियार और नकदी बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामग्री जब्त की है। बरामद सामान में 1 देसी 9mm पिस्तौल, 1 देसी.315 बोर का हथियार, 6 जिंदा कारतूस, 4 चले हुए कारतूस के खोखे, 2 मोबाइल फोन, 1 चाकू, 1 हथौड़ा, 17,250 रुपये नकद, 1 एटीएम कार्ड और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
पुराना आपराधिक इतिहास और दिल्ली में उम्रकैद
मिथिलेश महतो का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है। वर्ष 2015 में उत्तरी दिल्ली में उसने अपने मकान मालिक के परिवार के 3 सदस्यों—चंदू लाल (70), गुल्लो देवी (65) और राकेश कुमार (30)—की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इस मामले में अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। लगभग 9 साल जेल में बिताने के बाद उसे दिल्ली उच्च न्यायालय से जमानत मिली थी। इसके बाद नवंबर 2024 में उसने खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अजय कुमार साह की हत्या कर दी और शव को दफना दिया था। उस मामले में भी उसे जेल भेजा गया था, लेकिन बाद में वह रिहा हो गया था।



















