जोधपुर में भारतीय संस्कृति और आस्था पर आधारित रामायण की सिनेमाई प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली। शास्त्री नगर स्थित बायोस्कोप सिनेमा मॉल में जब फिल्म का पहला शो समाप्त हुआ और दर्शक बाहर आए, तो उनके चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। हर कोई फिल्म के भव्य विजुअल्स और कलाकारों के काम की चर्चा कर रहा था। किसी ने रणबीर कपूर के भगवान राम के रूप में किए गए अभिनय को सराहा, तो किसी ने रावण के किरदार और उन्नत वीएफएक्स को इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी ताकत बताया। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी, संगीत और भावनात्मक दृश्यों ने भी दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया है, जिससे सिनेमाघरों का माहौल काफी सकारात्मक हो गया है।
दर्शकों ने दिए पूरे नंबर और की शानदार तारीफ
फिल्म देखकर सिनेमाघर से बाहर निकले नितेश कुमार यादव ने रामायण की खुलकर सराहना की और इसे एक बेहतरीन अनुभव बताया। उन्होंने विशेष रूप से फिल्म के संगीत और ए.आर. रहमान के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इंटरवल के आस-पास का हिस्सा सबसे ज्यादा प्रभावी है। नितेश के अनुसार इस फिल्म में भरपूर मनोरंजन के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव भी है, जिसे परिवार के साथ बैठकर देखा जाना चाहिए। उन्होंने अपनी तरफ से इस फिल्म को 10 में से पूरे 10 अंक दिए हैं।
वीएफएक्स और शुरुआती दृश्यों का जलवा
एक अन्य दर्शक देवेंद्र ने फिल्म को जबरदस्त करार दिया और इसके तकनीकी पक्ष की जमकर तारीफ की। उन्होंने रावण के शुरुआती दृश्यों का जिक्र करते हुए कहा कि वीएफएक्स और सीजीआई का स्तर बेहद ऊंचा है, जिसे बड़े पर्दे पर देखना एक अलग ही रोमांच देता है। रणबीर कपूर के बारे में उन्होंने कहा कि वे भगवान राम के किरदार में पूरी तरह रम चुके हैं और उनका काम सराहनीय है। देवेंद्र ने इस फिल्म को 5 में से 5 अंक दिए हैं।
अजय पाल ने फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे यश के अभिनय को आउटस्टैंडिंग बताया और रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में एक उत्कृष्ट कलाकार कहा। उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि बचपन में टीवी पर देखी गई रामायण की तुलना में इस आधुनिक फिल्म की वर्ल्ड बिल्डिंग, वीएफएक्स और भावनात्मक गहराई बिल्कुल अलग स्तर की है। उनके मुताबिक फिल्म का पूरा सिनेमाई अनुभव वर्ल्ड क्लास और टॉप नॉच श्रेणी का है।
सोनिया नाम की दर्शक ने बताया कि वे अपने माता और भाई के साथ फिल्म देखने आई थीं। उन्होंने इसके विजुअल्स और सिनेमैटोग्राफी की तारीफ करते हुए इसे मस्ट वॉच करार दिया। सोनिया के अनुसार रणबीर कपूर की एक्टिंग बेहद नेचुरल है, जबकि साई पल्लवी की एंट्री और आरती वाला सीन उनके लिए सबसे खास रहा। उन्होंने फिल्म को परिवार के साथ देखने योग्य बताते हुए 10 में से 9 अंक दिए हैं।
पुराने दौर से बिल्कुल अलग है नया सिनेमाई अंदाज
फिल्म की तुलना अतीत में प्रसारित हुई पुरानी रामायण से करते हुए दर्शकों ने माना कि इस बार कहानी को एक पूरी तरह से नए और भव्य कलेवर में ढाला गया है। फिल्म के मुख्य कलाकारों के साथ-साथ अन्य सभी किरदारों का प्रस्तुतिकरण काफी अनूठा है। जोधपुर के दर्शकों का मानना है कि कहानी कहने का यह नया तरीका और बड़े पैमाने पर इसका फिल्मांकन आज की पीढ़ी को बहुत पसंद आ रहा है।


















