सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के मन में अक्सर यह असमंजस रहता है कि वे आरओ और एआरओ परीक्षा की तैयारी किस प्रकार करें कि उन्हें सफलता मिल सके। इस संबंध में मेरठ के एक्सपर्ट भोला सिंह ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कुछ उपयोगी सुझाव साझा किए हैं, जिससे इस कठिन प्रतियोगिता को पार करना आसान हो सके।
शुरुआत से ही अपने विषयों पर दें पूरा ध्यान
भोला सिंह ने बताया कि जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, उन्हें अपनी तैयारी की शुरुआत से ही हर विषय पर गहराई से ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इस परीक्षा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें साक्षात्कार यानी इंटरव्यू नहीं होता है। यदि कोई उम्मीदवार मुख्य परीक्षा को सफलतापूर्वक पास कर लेता है, तो वह एक प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर जनता की सेवा कर सकता है। मुख्य परीक्षा में कुल तीन पेपर होते हैं, जो कुल 400 अंकों के होते हैं।
उत्तर लेखन और भाषा पर मजबूत पकड़
बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तर लेखन यानी राइटिंग स्किल की भूमिका बेहदहम मानी जाती है। सामान्य अध्ययन के पर्चे को तो उम्मीदवार अक्सर आसानी से हल कर लेते हैं, लेकिन इस परीक्षा में हिंदी साहित्य और निबंध का भाग सबसे चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इसमें परीक्षार्थियों से साहित्य, तकनीक और समसामयिक विषयों जैसे विभिन्न बिंदुओं पर लिखने की अपेक्षा की जाती है। यदि अभ्यर्थी पहले से ही इसकी नियमित प्रैक्टिस करेंगे, तो उनकी लिखने की गति भी सुधरेगी और विचारों की स्पष्टता भी बढ़ेगी।
पिछले तीन वर्षों के प्रश्नपत्रों का करें अभ्यास
तैयारी कर रहे युवाओं को सलाह दी गई है कि वे पिछले तीन वर्षों में आयोजित हुए सभी प्रश्नपत्रों का गहन अध्ययन करें और उन्हें खुद हल करना शुरू करें। इससे न केवल परीक्षा को हल करने की गति में सुधार होता है, बल्कि अपनी अब तक की तैयारी का सही आकलन भी हो जाता है। कई बार छात्र अनसॉल्वड पेपर हल करने के महत्व को नहीं समझ पाते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि यह आत्ममूल्यांकन का सबसे बेहतरीन जरिया है।
ड्राफ्टिंग और कंप्यूटर ज्ञान का रखें विशेष ध्यान
परीक्षा के दौरान पेपर ड्राफ्टिंग पर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। इसके अलावा, हिंदी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद वाले खंड को भी पूरी तल्लीनता से हल करना चाहिए। इसके साथ ही, कंप्यूटर के बुनियादी ज्ञान से जुड़ी सभी जानकारियां भी पूरी तरह स्पष्ट होनी चाहिए, क्योंकि ये अंक बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।



















