घरेलू क्रिकेट और IPL की पिचों पर अपनी रफ्तार से ध्यान खींचने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही सीरीज जिंदगी भर याद रहने वाली बन गई है। लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में पहचान बनाने वाले इस गेंदबाज को उसी शहर लखनऊ में भारत की ओर से अपना पहला वनडे खेलने का मौका मिला, जहां वह आईपीएल में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। दूसरे वनडे से पहले उप कप्तान श्रेयस अय्यर ने उन्हें वनडे डेब्यू कैप सौंपी।
विराट कोहली से जुड़ी वो खास कहानी
प्रिंस यादव का नाम क्रिकेट प्रेमियों के लिए नया जरूर है, लेकिन इस साल के शुरू में वह सुर्खियों में आ चुके थे। IPL 2026 के एक मुकाबले में उन्होंने अपनी गेंद पर विराट कोहली को चकमा देकर पवेलियन भेजा था। उस मैच के खत्म होने के बाद खुद कोहली ने इस युवा गेंदबाज को रोककर काफी देर तक बातचीत की थी, जो प्रिंस के करियर का एक यादगार पल बन गया।
सीरीज में कहां खड़ी है टीम इंडिया
तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। धर्मशाला में खेला गया पहला मुकाबला बारिश से प्रभावित रहा था, जहां भारत ने 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब दूसरे मैच में जीत हासिल कर टीम सीरीज में अजेय बढ़त बनाना चाहेगी। इसी मुकाबले में LSG के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार भारत की कैप पहनने का अवसर मिला है। उन्हें प्लेइंग इलेवन में ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी की जगह जगह दी गई है, जो क्वाड्रिसेप्स की चोट के चलते इस मैच से बाहर हैं।
एक ही मैच में तीन खिलाड़ियों का आगाज
यह मुकाबला सिर्फ प्रिंस के लिए ही नहीं, बल्कि तीन क्रिकेटरों के अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत का गवाह बना। भारत की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को भी शामिल किया गया है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्ष दुबे को इस मैच में बाहर बैठना पड़ा। दूसरी ओर अफगानिस्तान ने भी अपने दो नए चेहरों पर भरोसा जताया। दरवेश रसूली और बिलाल सामी को अफगानिस्तान की ओर से अपना पहला वनडे खेलने का मौका दिया गया। इस तरह एक ही मैच में कुल तीन खिलाड़ियों ने वनडे डेब्यू किया।
30 लाख से कैप तक, प्रिंस यादव का सफर
IPL में ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने वाले प्रिंस यादव को लखनऊ की ही धरती पर वनडे डेब्यू नसीब हुआ, जो उनके लिए और भी खास है। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने IPL 2026 में दमदार खेल दिखाया था। पिछले सीजन के ऑक्शन में लखनऊ ने उन्हें महज 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। साल 2025 में उन्हें सिर्फ 6 मैच खेलने का मौका मिला था, जिनमें उन्होंने 3 विकेट लिए। इस बार टीम ने उन पर पूरा भरोसा जताते हुए सभी 14 लीग मैचों में उतारा और प्रिंस ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए 16 विकेट झटके। दिल्ली के रहने वाले इस गेंदबाज ने अब तक अपने करियर में सिर्फ 2 फर्स्ट क्लास और 14 लिस्ट-ए मुकाबले ही खेले हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सदीकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरवेश रसूली, राशिद खान, नंगेयालिया खारोती, एएम गजनफर, मोहम्मद सलीम सफी, बिलाल सामी।













