अगर आप मध्य प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर नजर रखना चाहते हैं, तो प्रदेश की ताजा खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहिए। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों के समाचार के साथ-साथ हर जरूरी अपडेट यहां आपको मिलेगा। राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन और इलाके के विकास से जुड़ी काम की खबरें भी इसमें शामिल रहेंगी। आइए नजर डालते हैं कि आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या खास रहा।
मीनाक्षी नटराजन बनीं पंजाब की पर्यवेक्षक
पंजाब के राजनीतिक माहौल को परखने के लिए कांग्रेस ने अपने पर्यवेक्षक तय कर दिए हैं। इस सूची में मीनाक्षी नटराजन, अजय माकन और भजन लाल जाटव के नाम शामिल हैं। यह नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे की ओर से की गई हैं। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी रहीं मीनाक्षी का नामांकन फॉर्म रद्द कर दिया गया था, क्योंकि बीजेपी ने उन पर तेलंगाना में लंबित एक आपराधिक मामले की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था।
ब्रिक्स कृषि समिट में पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव
ब्रिक्स एग्रीकल्चर समिट के मौके पर इंदौर इस समय वैश्विक कृषि कूटनीति का केंद्र बन गया है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर पहुंच चुके हैं। दोनों नेता दिल्ली से एक ही विमान में इंदौर आए और एयरपोर्ट से मंत्रियों तथा विधायकों के साथ एक ही मिनी बस में बैठकर मैरियट होटल के लिए रवाना हुए। यहां ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों और प्रतिनिधियों के सम्मान में खास वेलकम डिनर रखा गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिन इंदौर में रहकर ब्रिक्स एग्रीकल्चर समिट की अलग-अलग बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कृषि, खाद्य सुरक्षा और वैश्विक सहयोग जैसे अहम विषयों पर विचार-मंथन होगा, जिसमें कई देशों के कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
दिल्ली में ब्रीफिंग देंगे एमपी कांग्रेस के नेता
कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन (सीडब्ल्यूसी की स्थायी आमंत्रित सदस्य), हरीश चौधरी (एआईसीसी प्रभारी, मध्य प्रदेश), जीतू पटवारी (पीसीसी अध्यक्ष, मध्य प्रदेश) और उमंग सिंघार (नेता प्रतिपक्ष, मध्य प्रदेश) कल यानी 12 जून 2026 को सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित एआईसीसी कार्यालय में ब्रीफिंग करेंगे। संयोग से कल ही सुप्रीम कोर्ट में मीनाक्षी के मामले की सुनवाई भी होनी है।
मंडला में थाने के ठीक सामने मंदिर में चोरी
मंडला जिले के महाराजपुर थाना पुलिस को चोरों ने खुली चुनौती दे दी है। थाने के ठीक सामने बने मंदिर में चोरों ने धावा बोल दिया। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह है कि महज 4 महीने के भीतर यह दूसरी चोरी है, और वह भी थाने के एकदम सामने वाले मंदिर में। इसी मंदिर के बिल्कुल सामने एडिशनल एसपी का बंगला भी है, जहां 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहता है। इसके बावजूद चोरों ने 4 महीने में दूसरी बार यहां हाथ साफ कर दिया। पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं, जबकि चोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं।
बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर ही हमला
दतिया में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर ही हमला हो गया। कर्मचारियों के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आ गया है। मामला सेवड़ा थाना क्षेत्र के अनूपगंज का है, जहां बिजली जांच के दौरान विवाद भड़क उठा। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि जब केबल कटिंग की कार्रवाई चल रही थी, उसी दौरान कुछ लोग जांच टीम से भिड़ गए। अब इस मारपीट का वीडियो भी सार्वजनिक हो गया है।
सीएम ने ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का किया स्वागत
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों और विदेशी मेहमानों का स्वागत किया। इस अवसर पर मोहन यादव ने रात्रिभोज का आयोजन भी किया। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
यशवर्धन सिंह चौहान बने अंडर-19 टीम के कप्तान
ग्वालियर के युवा क्रिकेटर ने कमाल कर दिखाया है। ग्वालियर के यशवर्धन सिंह चौहान को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान चुना गया है। यशवर्धन की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम श्रीलंका दौरे पर रवाना होगी। श्रीलंका में होने वाली वनडे और मल्टी-डे, दोनों फॉर्मेट की टीमों की कमान यशवर्धन को सौंपी गई है। बता दें कि लगातार 2 साल से अंडर-19 घरेलू क्रिकेट में यशवर्धन सबसे ज्यादा विकेट और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं।
ग्वालियर में हिट एंड रन का खौफनाक मंजर, दो मासूमों की मौत
ग्वालियर के बिजोली थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का दिल दहला देने वाला नजारा कैमरे में कैद हो गया। गणेशपुरा का रहने वाला एक परिवार होटल में खाना खाकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार 5 लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस यूपी नंबर की उस गाड़ी की तलाश में जुट गई है।
भारत छोड़कर नेपाल भाग गई सोनम, राजा रघुवंशी के परिजनों का बड़ा आरोप
इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हनीमून मर्डर केस में नया मोड़ आ गया है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी शिलांग में नहीं है, बल्कि वह भारत छोड़कर नेपाल भाग चुकी है। उनका दावा है कि सोनम के वकील की मदद से उसे नेपाल पहुंचाया गया। हालांकि अब तक इस आरोप की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, परिवार लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। हाल ही में सोनम की जमानत से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया में शिलांग हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। इससे पहले मेघालय सरकार ने सोनम को मिली जमानत को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था। अदालत में मामले की सुनवाई जारी है और परिवार का कहना है कि उसे स्थानीय जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं रहा, इसलिए मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।













