महाराष्ट्र के इंदापुर से परिवार और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। जहां माता-पिता को बुढ़ापे में बच्चों के सहारे की उम्मीद होती है, वहीं इस बुजुर्ग दंपती को उनके ही बेटों ने बेरहमी का शिकार बनाया है। संपदा के लालच में इंसानियत को ताक पर रखने की यह घटना तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
जमीन के टुकड़े के लिएवानियत
इस पूरी हिंसा की मुख्य वजह जमीन का एक छोटा सा टुकड़ा बताई जा रही है। यह खौफनाक वाकया इंदापुर तालुका के अंतर्गत आने वाले तरंगवाड़ी इलाके का है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों बेटे अपनी मां के नाम पर दर्ज जमीन को बेचने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे और इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था, जो बाद में सड़क पर आ गया।
सड़क पर बुजुर्ग दंपती से मारपीट
विवाद बढ़ने पर दोनों बेटों ने सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि उन्होंने पहले अपनी मां को जबरन खींचा और फिर उन्हें सड़क के किनारे धकेल कर बैठा दिया। इसके बाद उन्होंने अपने बुजुर्ग पिता को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसने देखने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग पिता ने हिम्मत जुटाई और पुलिस थाने का रुख किया। पुलिस ने बुजुर्ग पिता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपी बेटों के खिलाफ औपचारिक तौर पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके।



















