पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में बच्चों का एक साधारण खेल पलभर में ही पूरे परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुखद हादसा बन गया। यहाँ लुका-छिपी खेल रहे 11 साल के एक मासूम बच्चे की जान खुले हुए बिजली के पैनल के संपर्क में आने से चली गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।
शाम के वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे विकासपुरी के एम-ब्लॉक में स्थित डीडीए लोकल शॉपिंग सेंटर के पास पेश आई। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चा इंदिरा कैंप नंबर-4 का रहने वाला था। वह शाम के समय अन्य बच्चों के साथ मिलकर लुका-छिपी का खेल खेल रहा था। खेल के दौरान ही खुद को छिपाने की कोशिश में वह वहाँ बने बीएसईएस के एक खुले हुए बिजली पैनल के अंदर दाखिल हो गया।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गई साँसें
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चा जैसे ही पैनल के अंदर घुसा, वह वहाँ मौजूद खुले और खतरनाक तारों की चपेट में आ गया। बिजली का तेज झटका लगने से वह मौके पर ही अहोश होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और फौरन मौके पर पहुँची। सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति को बंद करवाया गया। इसके बाद बच्चे को तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल के जरिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप और लाचारी
इस अचानक हुए हादसे के बाद बच्चे की माँ और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुखी माँ ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, आसपास कुछ लोग मौजूद थे जो सिर्फ वीडियो बनाने और चिल्लाने में लगे हुए थे, लेकिन किसी ने भी आगे आकर उसके बच्चे को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते किसी ने सूझबूझ दिखाई होती और तुरंत मदद मिल जाती, तो शायद आज उनका बेटा जीवित होता।
बीएसइएस का बयान और पुलिस कार्रवाई
हादसे के बाद बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस की तरफ से भी आधिकारिक बयान सामने आया है। कंपनी ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। शुरुआती जाँच के हवाले से कंपनी ने बताया कि उस फीडर पिलर का लोहे या प्लास्टिक का कवर चोरी हो गया था। कंपनी का कहना है कि उन्हें पहले से इस बात की कोई जानकारी नहीं थी और न ही पैनल का कवर गायब होने को लेकर किसी तरह की कोई शिकायत मिली थी। इसके साथ ही बीएसईएस ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले की पुलिस जाँच में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं। इस मामले में विकासपुरी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने लापरवाही से मौत से जुड़ी धारा 289 और धारा 106 के अंतर्गत केस दर्ज करके आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कवर चोरी होने की बात में कितनी सच्चाई है और इसके लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार है।



















