खूबसूरत और बेदाग त्वचा पाने की चाहत में अक्सर लोग लगातार अपने ब्यूटी प्रोडक्ट्स बदलते रहते हैं। कई बार लोग बिना सोचे-समझे बाजार में मिलने वाला कोई भी फेस वॉश इस्तेमाल करने लगते हैं। ऐसे में यह सवाल अहम हो जाता है कि क्या बार-बार क्लींजिंग प्रोडक्ट्स बदलने से त्वचा को कोई नुकसान होता है। इस विषय पर ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल, चेन्नई की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. निधि सिंह विस्तार से जानकारी दे रही हैं कि लगातार नए फेस वॉश बदलने से स्किन पर क्या असर पड़ता है।
त्वचा की नेचुरल परत को पहुंचता है नुकसान
विशेषज्ञ के अनुसार, अपनी स्किन के टाइप को जाने बिना बार-बार फेस वॉश बदलना फायददेमंद होने के बजाय उल्टा नुकसानदेह साबित हो सकता है। हमारी त्वचा पर एक नेचुरल सुरक्षात्मक परत होती है, जो नमी को बरकरार रखती है और बाहरी जलन पैदा करने वाले तत्वों तथा एलर्जी से रक्षा करती है। यदि बार-बार ऐसे क्लींजर का उपयोग किया जाए जो आपकी स्किन के अनुकूल न हों, जिनमें तेज एक्सफोलिएटिंग एजेंट, कृत्रिम खुशबू या हार्ड इंग्रीडिएंट्स मौजूद हों, तो यह सुरक्षात्मक दीवार कमजोर हो जाती है। इसके परिणामस्वरुप चेहरे पर रूखापन, रेडनेस, खुजली, जलन और संवेदनशीलता में बढ़ोतरी जैसी समस्याएं सामने आने लगती हैं। जिन लोगों की स्किन पहले से सेंसिटिव है या जो एक्जिमा और मुंहासों की समस्या से परेशान हैं, उन्हें ऐसी रिएक्शन का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।
सही स्किनकेयर रूटीन अपनाने के तरीके
यह बात समझना बेहद आवश्यक है कि हर व्यक्ति की त्वचा की जरूरतें बिल्कुल अलग होती हैं। जो फेस वॉश ऑयली स्किन के लिए बिल्कुल सही होता है, वही किसी ड्राई या सेंसिटिव स्किन वाले इंसान की त्वचा को अत्यधिक रूखा बना सकता है। इसलिए नए प्रोडक्ट्स के साथ लगातार प्रयोग करने के बजाय अपनी स्किन की जरूरत के हिसाब से एक हल्का और जेंटल क्लींजर चुनना ज्यादा बुद्धिमानी है। अगर किसी फेस वॉश को लगाने से लगातार जलन, खुजली या बहुत ज्यादा ड्राइनेस महसूस हो, तो उसका इस्तेमाल तुरंत रोक देना चाहिए। जिन लोगों को अक्सर त्वचा से जुड़ी परेशानियां बनी रहती हैं, उन्हें खुद से ओवर-द-काउंटर प्रोडक्ट्स ट्राई करने के बजाय किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। एक नियमित स्किनकेयर रूटीन जिसमें त्वचा के अनुकूल मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन शामिल हो, बार-बार प्रोडक्ट्स बदलने की आदत से कहीं ज्यादा असरदार और फायदेमंद साबित होता है।



















