सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा के दिन का धार्मिक रूप से बहुत अधिक महत्व माना जाता है। वर्ष 2026 में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा। इस विशेष दिन पर पूर्णिमा के व्रत के साथ-साथ देव दीपावली का त्योहार मनाने की भी पुरानी परंपरा चली आ रही है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात को सभी देवताओं ने धरती पर आकर दीपावली का यह उत्सव मनाया था और आज भी सूक्ष्म रूप से देवता इस रात्रि में पृथ्वी पर आते हैं। देव दीपावली की इस पावन रात को नदियों में स्नान करने, दीपदान करने, दान-पुण्य करने के साथ-साथ विभिन्न देवी-देवताओं की आराधना करना अत्यंत शुभ फलदायी माना जाता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि इस खास अवसर पर विशेष रूप से किन देवी-देवताओं की पूजा की जाती है।
भगवान गणेश की पूजा का महत्व
समस्त विघ्नों को हरने वाले भगवान गणेश को सभी देवी-देवताओं में प्रथम पूज्यनीय स्थान प्राप्त है। देव दीपावली के इस बेहद शुभ अवसर पर आपको भगवान गणेश की पूजा अवश्य रूप से करनी चाहिए। विघ्नहर्ता भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से आपके जीवन में आने वाले सभी प्रकार के दुख दूर हो सकते हैं और कार्यों में सफलता मिलती है।
भगवान विष्णु की आराधना
कार्तिक का पूरा महीना भगवान विष्णु को अत्यंत समर्पित माना जाता है क्योंकि इसी पवित्र माह में श्रीहरि अपनी योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसके साथ ही ऐसी पौराणिक मान्यता भी जुड़ी हुई है कि कार्तिक पूर्णिमा के इसी पावन दिन पर भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। यही कारण है कि देव दीपावली के इस पावन पर्व पर आपको भगवान विष्णु की आराधना जरूर करनी चाहिए। इस दिन अपने घर में सत्यनारायण भगवान की कथा करवाने से परिवार में सुख और शांति का वास होता है.
माता लक्ष्मी का पूजन
देव दीपावली के शुभ दिन पर अकेले भगवान विष्णु ही नहीं, बल्कि उनके साथ माता लक्ष्मी की पूजा करना भी बहुत शुभ फल देता है। भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की एक साथ पूजा-अर्चना करने से घर-परिवार के धन-धान्य में भारी वृद्धि होती है और आप अपनी तमाम तरह की आर्थिक समस्याओं से पूरी तरह मुक्त हो सकते हैं.
देवी तुलसी की पूजा और महत्व
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की संध्या के समय तुलसी की पूजा करने की परंपरा बहुत लंबे समय से चली आ रही है। इस पावन दिन पर कई जगहों पर तुलसी विवाह भी संपन्न कराया जाता है। ऐसा माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी के पौधे की पूजा करने से जीवन की सभी विघ्न-बाधाएं दूर हो जाती हैं और घर के अंदर सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।
भगवान शिव की आराधना
धार्मिक मान्यताओं और कथाओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक शक्तिशाली राक्षस का वध किया था और देवताओं को उसके भय से मुक्त कराया था। इसी वजह से कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में देव दीपावली के दिन भगवान शिव का पूजन करने से आपको अत्यंत शुभ परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। महादेव की सच्ची श्रद्धा से पूजा करने से शत्रु बाधा, अज्ञात भय और सभी प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिल सकती है।
राधा-कृष्ण की भक्ति
कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि के दिन भगवान कृष्ण और राधा रानी की भक्ति का बहुत विशेष महत्व बताया गया है। पूर्णिमा के इस पवित्र अवसर पर राधा-कृष्ण का स्मरण करने और उनका पूजन करने से परिवार के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम और सद्भाव हमेशा बना रहता है। इसके साथ ही आपको मानसिक शांति की प्राप्ति भी होती है।



















