हरियाणा के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए रोहतक पीजीआई के डॉक्टरों ने एक ही मरीज का तीसरी बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया है। जींद जिले के रहने वाले 41 वर्षीय राहुल को उनके परिवार के सदस्यों के त्याग की बदौलत एक बार फिर नया जीवन मिला है। इस जटिल सर्जरी को संस्थान के डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जो अपनी तरह का पहला मामला है।
पारिवारिक संघर्ष और पहली दो सर्जरी
राहुल के जीवन का यह कड़ा संघर्ष साल 2007 में शुरू हुआ था, जब उनकी शादी को महज तीन महीने ही बीते थे और उस समय उनकी उम्र 22 वर्ष थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर जांच के दौरान पता चला कि उनकी दोनों किडनियां फेल हो चुकी हैं। उस संकट की घड़ी में उनकी मां सोना देवी ने आगे आकर अपनी एक किडनी बेटे को दान कर दी थी। हालांकि मां द्वारा दी गई वह किडनी केवल छह से सात महीने ही काम कर पाई, जिसके बाद राहुल को अगले दो साल तक लगातार डायलिसिस का सहारा लेना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए साल 2009 में उनकी पत्नी नीलम ने अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया। इस दूसरे ट्रांसप्लांट के बाद राहुल ने लगभग चौदह साल तक एक स्वस्थ और सामान्य जीवन व्यतीत किया। लेकिन साल 2024 में पत्नी द्वारा दी गई वह किडनी भी काम करना बंद कर दी, जिसके चलते राहुल को फिर से डायलिसिस पर लौटना पड़ा और उनकी हालत लगातार गंभीर होने लगी।
छोटे भाई ने आगे आकर बचाई जान
राहुल की बिगड़ती हालत को देखते हुए उनके छोटे भाई अजय ने उन्हें अपनी किडनी देने का फैसला किया। डॉक्टरों की तमाम जांच और औपचारिकताओं के बाद बुधवार को रोहतक पीजीआई में यह तीसरी सर्जरी की गई। इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को पूरा करने में सर्जन डॉ. विवेक ठाकुर और डॉ. गौरव पांडे की टीम को लगातार छह घंटे का समय लगा।
संस्थान के इतिहास में पहली बार
चिकित्सकीय रूप से यह मामला बेहद दुर्लभ और महत्वपूर्ण है क्योंकि रोहतक पीजीआई के इतिहास में इससे पहले अधिकतम दो बार ही किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने के मामले सामने आए थे। यह पहला मौका है जब किसी मरीज का तीसरी बार ट्रांसप्लांट किया गया है। वर्तमान में डोनर अजय और मरीज राहुल दोनों ही डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं और उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, राहुल के शुरुआती दोनों ट्रांसप्लांट पहले मोहाली में हुए थे, जबकि यह तीसरा और ऐतिहासिक ट्रांसप्लांट रोहतक में संपन्न हुआ है।



















