हरियाणा के सोनीपत जिले में एक विवाह समारोह उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गया जब दहेज की मांग पूरी न होने के कारण दूल्हा बिना फेरे लिए ही बारात लेकर वापस अपने घर लौट गया। मामला सोनीपत का है जहां एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की बेटी का रिश्ता तय हुआ था लेकिन विदाई के ऐन वक्त पर मांगें पूरी न होने से बात बिगड़ गई।
तय रिश्ते के बाद शुरू हुईं दहेज की मांगें
शिकायतकर्ता सुभाष कुमार ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह आईटीआई गन्नौर से सेवानिवृत्त हैं और सोनीपत के वेस्ट रामनगर के रहने वाले हैं। जनवरी 2026 में कुछ बिचौलियों के जरिए उनकी बेटी का रिश्ता गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप के साथ तय किया गया था। रिश्ता तय करते वक्त यह भरोसा दिया गया था कि कुलदीप दिल्ली पुलिस में कार्यरत है और लड़का पक्ष किसी भी तरह के दहेज की मांग नहीं करेगा। इसके बाद 26 अप्रैल को दोनों पक्षों की उपस्थिति में रिंग सेरेमनी संपन्न हुई और 20 नवंबर 2026 की तारीख शादी के लिए मुकर्रर की गई। लेकिन तारीख तय होने के कुछ समय बाद ही दूल्हे और उसकी मां की तरफ से अलग-अलग चीजों की मांगें रखनी शुरू कर दी गईं। दूल्हे ने खुद के लिए दो तोले की सोने की चेन और एक अंगूठी की मांग रखी जबकि अपनी मां के लिए सोने के टॉप्स और चांदी की पायल की बात कही। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी महंगे कपड़ों की मांग सामने आई।
हुंडई ऑरा कार मिलने के बाद भी अड़ा रहा दूल्हा
मामले के अनुसार दूल्हे की जिद थी कि उसे शादी में एक बड़ी गाड़ी चाहिए और वह ब्रेजा कार लेने पर अड़ गया था। लड़की के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए करीब 8 से 9 लाख रुपये की कीमत वाली हुंडई ऑरा कार बुक करवा दी थी। इसके बावजूद दूल्हा अपनी जिद पर कायम रहा और विवाह से ठीक पहले 18 नवंबर को भी बिचौलिए के माध्यम से ब्रेजा कार की मांग को दोहराया गया। शादी से ठीक एक दिन पहले यानी 19 नवंबर को जब दुल्हन पक्ष के लोग सगाई की रस्म के लिए दूल्हे के घर पहुंचे और वहां फर्नीचर तथा अन्य सामान सौंपा तो दूल्हा पक्ष ने उसे घटिया स्तर का बताकर ताने देना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं बल्कि दूल्हे के भाई-भाभी के लिए सोने की चेन व टॉप्स और मां के लिए सोने के कड़े की मांग भी रख दी गई। तमाम दबावों के बावजूद उस दिन रस्म पूरी की गई और अगले दिन सोनीपत के मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में बारात पहुंची।
मंडप सजने के बाद भी नहीं माने बाराती
तय कार्यक्रम के मुताबिक शादी के दिन शाम करीब 7 बजे दूल्हा और उसकी मां पहले सादे कपड़ों में वाटिका में पहुंचे और ब्रेजा कार न दिखने पर शादी से इनकार कर दिया। बाद में वे बारात के साथ वहां पहुंचे जहां बिचौलियों ने भी दुल्हन के पिता पर लगातार दबाव बनाना जारी रखा। दूल्हे की मां ने दो टूक कह दिया कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो बारात वापस ले जाएगी। लड़की पक्ष के लोगों ने सभी को समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे। इसके बाद मेहमानों और रिश्तेदारों के सामने ही दूल्हे और उसके परिजनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते नौबत धक्का-मुक्की तथा मारपीट तक पहुंच गई। भारी हंगामे और तनाव के बीच रात करीब 12 बजे दूल्हा पक्ष बिना शादी संपन्न कराए बारात लेकर वापस लौट गया।
घटना के बाद पीड़ित पिता ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी जिसके आधार पर दूल्हे कुलदीप, उसकी मां रेशमरती, भाई, भाभी और दो बिचौलियों समेत कुल छह लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पिता का यह भी आरोप है कि शादी के लिए दिया गया फर्नीचर, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान भी दूल्हा पक्ष ने वापस नहीं किया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।



















