बढ़ता प्रदूषण केवल सामान्य लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि डायबिटीज के मरीजों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। जहरीली हवा में मौजूद पीएम 2.5 कणों में नाइट्रोजन ऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, अमोनिया, अमोनियम सल्फेट, एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन, लेड, कैडमियम, आर्सेनिक, क्रोमियम, निकल और मैंगनीज जैसे कई जहरीले रसायन मिले होते हैं। इनमें से अधिकांश कण कार्सिनोजेनिक यानी कैंसरकारक होते हैं। सांस के जरिए यह धुआं हमारे फेफड़ों में पहुंचता है और वहां से पूरे शरीर के विभिन्न अंगों तक फैल जाता है। हालांकि सांस के मरीजों को इससे तुरंत परेशानी होती है, लेकिन शुगर के मरीजों के लिए भी यह किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। इस विषय पर डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. पारस अग्रवाल ने विस्तार से जानकारी दी है।
फेफड़ों से खून तक कैसे पहुंचते हैं जहरीले कण
डॉ. पारस अग्रवाल के अनुसार, जब प्रदूषण के ये सूक्ष्म कण फेफड़ों में पहुंचते हैं, तो वे एयर सैक यानी एल्वियोली तक चले जाते हैं। एल्वियोली फेफड़ों में हवा को इकट्ठा करने वाली बेहद छोटी कोठरियां होती हैं, जहां से हीमोग्लोबिन ऑक्सीजन को अवशोषित करता है। जब प्रदूषण के कण इन कोठरियों में पहुंचते हैं, तो आसपास की कोशिकाओं में सूजन पैदा हो जाती है, जिससे सांस लेने में दिक्कत होती है। यदि प्रदूषण के कण अत्यधिक मात्रा में भीतर चले जाएं, तो यह स्वस्थ व्यक्ति को भी बीमार कर सकते हैं। इसके बाद ये जहरीले कण एल्वियोली में एयर ब्लड बैरियर को तोड़कर सीधे खून में मिल जाते हैं और रक्त के माध्यम से मांसपेशियों तथा शरीर की अन्य कोशिकाओं तक पहुंच जाते हैं, जहां ये ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को बढ़ाते हैं।
इंसुलिन की कार्यप्रणाली पर कैसे असर डालता है प्रदूषण
खून में पहुंचने वाले ये खतरनाक कण कोशिकाओं में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को बढ़ावा देते हैं, जिससे लिपिड पेरोक्सीडेशन के साथ-साथ प्रोटीन और डीएनए को नुकसान पहुंचने लगता है। इस ऑक्सीडेटिव तनाव के कारण कोशिकाओं में प्रो-इन्फ्लेमेटरी साइटोकाइन्स नामक प्रोटीन की मात्रा बढ़ने लगती है। वैसे तो यह प्रोटीन चोट लगने या सूजन के समय कोशिकाओं की रक्षा करता है, लेकिन इसकी अधिकता होने पर यह टिशूज को ही नुकसान पहुंचाने लगता है। प्रो-इन्फ्लेमेटरी साइटोकाइन्स मांसपेशियों, लिवर और वसा वाले ऊतकों में इंसुलिन सिग्नलिंग कैस्केड में बाधा उत्पन्न करता है। इसका सीधा मतलब यह होता है कि शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन को स्वीकार करना बंद कर देती हैं, जिससे ग्लूकोज ऊर्जा में परिवर्तित नहीं हो पाता है। परिणामस्वरूप, जिन मरीजों को पहले से ही इंसुलिन सेंसिटिविटी की समस्या है, उनकी स्थिति और अधिक बिगड़ जाती है और प्रदूषण बढ़ने पर ब्लड शुगर का स्तर भी खतरनाक रूप से बढ़ जाता है।
डायबीटिज के मरीज प्रदूषण से अपना बचाव कैसे करें
डॉ. पारस अग्रवाल का कहना है कि डायबिटीज के मरीजों को इस जहरीले वातावरण से अपना खास बचाव करना चाहिए। जब भी प्रदूषण का स्तर अधिक हो, तब बिना किसी अति आवश्यक काम के घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना बहुत जरूरी हो जाए, तो हमेशा N-95 मास्क का उपयोग करें और अपने शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। खराब वायु गुणवत्ता सूचकांक वाले दिनों में सुबह और शाम के समय भूलकर भी बाहर टहलने न जाएं। घर के अंदर ही रहकर हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें और संभव हो तो एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें। प्रदूषण का स्तर ज्यादा होने पर अपने घर की खिड़कियां बंद रखें। इसके अलावा, डॉक्टर द्वारा दी गई दवाइयों का सेवन नियमित रूप से करें और अपनी शुगर की जांच भी लगातार कराते रहें। खानपान में खास परहेज बरतें तथा अपने भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियों और ताजे फलों की मात्रा बढ़ा दें।



















