स्वास्थ्य लाभ पाने के लिए फलों को रोजाना की डाइट में शामिल करना एक आम आदत है, लेकिन इन्हें खाने का गलत समय नुकसानदायक साबित हो सकता है। आयुर्वेदिक हेल्थ कोच डिंपल जांगड़ा का कहना है कि शाम ढलने के बाद फलों का सेवन करने से शरीर को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
शाम के समय फल खाने के नुकसान
फलों की तासीर ठंडी होती है और इनमें प्राकृतिक रूप से शुगर यानी सुक्रोज और फ्रुक्टोज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। अगर कोई व्यक्ति रात के समय इनका सेवन करता है, तो शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बहुत तेजी से बढ़ जाता है। रात के 9 या 10 बजे के आसपास फल खाने से ग्लूकोज स्पाइक में भारी उछाल आ सकता है, जो भविष्य में डायबिटीज की समस्या का कारण बन सकता है। जिन लोगों को पहले से डायबिटीज की शिकायत है, उन्हें डॉक्टर से सलाह लेकर ही फलों की मात्रा और समय तय करना चाहिए। इसके अलावा रात के वक्त फल खाने से ब्लोटिंग, पेट में गैस, एसिडिटी और नींद से जुड़ी तकलीफें भी हो सकती हैं।
फल खाने का सबसे सही समय कौन सा है?
आयुर्वेद के अनुसार, दिन के समय फलों को खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद माना गया है। डिंपल जांगड़ा के अनुसार, जैसे-जैसे सूरज आसमान में ऊपर चढ़ता है, मानव शरीर की पाचन अग्नि बेहतर होती जाती है। इसके विपरीत, सूर्य ढलने के साथ ही पाचन क्षमता कमजोर होने लगती है, यही कारण है कि दोपहर का वक्त फलों के सेवन के लिए सबसे आदर्श माना जाता है। हालांकि, यदि शाम के वक्त फल खाने की इच्छा हो, तो उन्हें अकेले खाने के बजाय किसी अन्य चीज के साथ मिलाना चाहिए। शाम के समय फलों के साथ कुछ मेवे या मखाने लेने से शरीर को जरूरी प्रोटीन और फैट मिल जाता है, जो शुगर के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा कर देता है।
रात के समय भूख लगने पर क्या खाएं?
यदि रात के वक्त हल्की भूख महसूस हो, तो फलों की जगह दूसरे विकल्पों को चुना जा सकता है। इस दौरान गर्म सूप, दलिया या हल्की भुनी हुई सब्जियों का सेवन किया जा सकता है। इसके अलावा सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में थोड़ी सी हल्दी या दालचीनी मिलाकर पीना भी फायदेमंद हो सकता है। स्नैक के रूप में हल्दी वाले हल्के नमकीन पॉपकॉर्न या भुने हुए मखाने भी खाए जा सकते हैं।



















