केरल के मलप्पुरम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर गोरा होने का दावा करने वाली क्रीम इस्तेमाल करने से एक 17 वर्षीय किशोरी की किडनी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। किशोरी ने इंस्टाग्राम पर इंफ्लुएंसर्स के प्रचार वीडियो देखकर सुंदरता निखारने का दावा करने वाले उत्पादकों से संपर्क किया था। इस क्रीम के लगातार एक वर्ष तक इस्तेमाल के बाद उसे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा और अंततः उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
स्वास्थ्य में अचानक गिरावट और गंभीर लक्षण
पीड़िता के अनुसार, उसने इंस्टाग्राम बायो और वीडियो में दिए गए व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से विक्रेताओं से बात की और क्रीम का ऑर्डर दिया। शुरुआती कुछ दिनों में जब उसे त्वचा में सुधार लगा, तो उसने अगले 12 महीनों में इसकी कई बोतलें खरीद लीं। हालांकि, धीरे-धीरे उसकी सेहत बिगड़ने लगी। उसका ब्लड प्रेशर अचानक कम रहने लगा, उसे बार-बार चक्कर आने लगे और वह बेहोश होकर गिरने लगी। इसके साथ ही उसके दोनों पैरों में काफी तेज सूजन आ गई, जिससे उसका चलना-फिरना और सीढ़ियां चढ़ना बेहद कठिन हो गया। स्थिति अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे मलप्पुरम स्थित एस्टर मिम्स मदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
मेडिकल जांच में पारे का खतरनाक स्तर
अस्पताल की नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. गौरी एस की देखरेख में किशोरी की विस्तृत मेडिकल जांच की गई। रिपोर्ट में उसके शरीर और खून के भीतर पारे यानी मर्करी का स्तर बेहद खतरनाक सीमा तक पाया गया। डॉक्टरों ने खुलासा किया कि लगातार क्रीम लगाने की वजह से वह 'मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी' नाम की किडनी की गंभीर बीमारी की शिकार हो चुकी है। जब किशोरी द्वारा इस्तेमाल की जा रही ब्यूटी क्रीम की लैब जांच करवाई गई, तो उसमें पारे की मात्रा 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन (ppm) पाई गई। मानक सुरक्षा नियमों के मुताबिक किसी भी ब्यूटी प्रोडक्ट में पारे की स्वीकृत सीमा 1 ppm से कम होनी चाहिए, जिसका मतलब है कि इस क्रीम में तय सीमा से 12,500 गुना अधिक जहरीला पारा मौजूद था।
कंपनी पर अनदेखी का आरोप और कानूनी कार्रवाई
जब किशोरी ने अपनी गिरती सेहत और मेडिकल रिपोर्ट के बारे में क्रीम बेचने वाले विक्रेताओं को व्हाट्सएप पर मैसेज किया, तो शुरुआत में उन्होंने उच्च अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने पीड़िता के संदेशों का जवाब देना पूरी तरह बंद कर दिया। कंपनी की इस बेरुखी के बाद परिवार ने उपभोक्ता अदालत में विधिक लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। कानूनी अड़चनों और अदालती प्रक्रिया के कारण फिलहाल क्रीम का ब्रांड नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
राज्य बाल अधिकार आयोग का संज्ञान और जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने शनिवार को मामले का स्वतः संज्ञान लिया और पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। बाल अधिकार आयोग ने इस जानलेवा घटना की गहराई से जांच कराने के लिए राज्य स्वास्थ्य सेवा निदेशक, राज्य पुलिस प्रमुख, औषधि नियंत्रक, केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) और संबंधित अस्पताल के अधीक्षक से विस्तृत प्रशासनिक और मेडिकल रिपोर्ट मांगी है।



















