जिंदगी के ढलते पड़ाव पर जब अपने ही किनारा कर लेते हैं, तब कई बार अनजान लोग ही सबसे बड़ा सहारा बन जाते हैं। ऐसा ही कुछ हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में देखने को मिल रहा है, जहां वृद्धाश्रम में रहने वाले दो बुजुर्ग अब जीवनभर के लिए एक-दूसरे के हमसफर बनने जा रहे हैं। इस अनोखे विवाह की चर्चा चारों तरफ हो रही है, जिसमें 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना सात फेरे लेकर अपने जीवन की एक नई शुरुआत करने की तैयारी कर रहे हैं।
यह पूरा मामला बिलासपुर जिले के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम से जुड़ा हुआ है। यहां रहने वाले कन्हैया लाल और सबीना आने वाली 25 नवंबर को वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। कोर्ट मैरिज के बाद वृद्धाश्रम परिसर में ही पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ पारंपरिक विवाह की रस्में अदा की जाएंगी। अकेलेपन के इस लंबे सफर में अब इन दोनों को एक-दूसरे के रूप में जीने का एक नया मकसद और संबल मिल गया है।
थुनाग के रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल का अतीत बेहद संघर्षपूर्ण और दर्द से भरा रहा है। एक समय वह आम गृहस्थ की तरह अपनी पत्नी के साथ खेती-किसानी करके जीवनयापन कर रहे थे, लेकिन पत्नी की गंभीर बीमारी के बाद हुई मौत ने उनकी दुनिया उजाड़ दी। उनकी कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने अपनी जमीन अपने भाइयों के नाम कर दी थी। हालांकि इसके बाद भाइयों ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया। अपनों से मिले इस गहरे छल और दर्द को वह सहन नहीं कर पाए और मजबूरन जंगल की एक गुफा में रहने लगे। वर्ष 2022 में उन्हें बिलासपुर के दयोली वृद्धाश्रम पहुंचाया गया, जो तब से उनका नया ठिकाना बन गया।
दूसरी ओर, कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सबीना की कहानी भी किसी संघर्ष से कम नहीं है। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह किसी तरह शिमला के मशोबरा जा पहुंची थीं। वहां पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू किया और नारी निकेतन मशोबरा के सुपुर्द कर दिया। सबीना ने करीब चार साल तक उसी नारी निकेतन में अपना समय बिताया। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर जिले के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में स्थानांतरित कर दिया गया। इसी वृद्धाश्रम की चारदीवारी के भीतर उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई।
वृद्धाश्रम में साथ रहते-रहते दोनों के बीच एक गहरा अपनापन और लगाव विकसित होने लगा। वे रोजमर्रा के कामों में एक-दूसरे का हाथ बंटाते थे और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे की ताकत बने। बुढ़ापे के इस अकेलेपन में दोनों को अपने सुख-दुःख बांटने के लिए एक भरोसेमंद साथी मिल गया। समय बीतने के साथ इस रिश्ते ने और मजबूती पकड़ी और दोनों ने अपने बचे हुए जीवन को एक साथ बिताने का पक्का निर्णय ले लिया।
दियोली वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने दोनों बुजुर्गों से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने उनकी भावनाओं, मानसिक स्थिति और भविष्य की इच्छाओं को बारीकी से समझने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान कन्हैया लाल और सबीना ने एक-दूसरे के साथ शादी करने की अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की। बुजुर्ग जोड़े की इस भावना का सम्मान करते हुए आश्रम प्रबंधन ने तुरंत उनके विवाह की सभी तैयारियां शुरू कर दीं।
तय कार्यक्रम के अनुसार, पहले कानूनी रूप से कोर्ट मैरिज की जाएगी और उसके बाद दयोली वृद्धाश्रम में हिंदू परंपरा के मुताबिक विवाह संपन्न होगा। शादी की रस्में पूरी होने के बाद इस नए जोड़े को दयोली से निकालकर नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया जाएगा। एडवोकेट प्रकाश बंसल ने जानकारी दी है कि नालागढ़ में हाल ही में एक नया वृद्धाश्रम शुरू किया गया है, जहां यह जोड़ा एक शांत और सुखी माहौल में अपने नए जीवन की शुरुआत करेगा।























