सर्दियों का मौसम दस्तक देते ही त्वचा से जुड़ी कई तरह की परेशानियां सामने आने लगती हैं। ठंडी और शुष्क हवाओं के असर से जहां सामान्य और रूखी त्वचा अपनी नमी खोकर बेजान हो जाती है, वहीं तैलीय त्वचा यानी ऑयली स्किन वाले लोगों को पिंपल्स, एक्ने और चेहरे पर दाने निकलने की दिक्कतें परेशान करने लगती हैं। इस मौसम में त्वचा की सुध लेने के लिए लोग बाजार में मिलने वाले महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन घर की रसोई में रखी कुछ सामान्य चीजों की मदद से भी त्वचा की सेहत को दुरुस्त रखा जा सकता है।
ब्यूटी एक्सपर्ट कल्पना ने लोकल18 को बताया कि सर्दियों के दिनों में जिन लोगों की त्वचा जरूरत से ज्यादा रूखी और बेजान नजर आने लगती है, उनके लिए दूध की मलाई एक असरदार घरेलू विकल्प साबित हो सकती है। इसके लिए दूध को उबालने के बाद उस पर जमने वाली मलाई को अलग बर्तन में निकाल लेना चाहिए। इस मलाई को अच्छी तरह फेंटकर या मसलकर चेहरे पर हल्के हाथों से लगाना बेहद फायदेमंद होता है। चेहरे पर कुछ देर इसेलगा रहने देने के बाद सामान्य पानी से चेहरा साफ किया जा सकता है। मलाई के अंदर मौजूद प्राकृतिक वसा और चिकनाई त्वचा को अंदर से कोमल बनाने और नमी देने में मदद करती है।
ऑयली स्किन के लिए खास टिप्स
विशेषज्ञ का कहना है कि ऑयली स्किन वाले लोगों को ठंड के मौसम में भी अपनी स्किन केयर रूटीन को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अक्सर ठंड के दिनों में त्वचा की ऊपरी सतह पर रूखापन महसूस होने लगता है, लेकिन भीतर से चेहरे पर तेल का जमाव बना रहता है। ऐसे हालात में अपनी स्किन टाइप के मुताबिक हल्के और ऑयल फ्री मॉश्चराइजर का इस्तेमाल करना समझदारी है। चेहरे की गहराई से सफाई करने के लिए हमेशा माइल्ड फेसवॉश का ही उपयोग करें। बार-बार साधारण साबुन या तेज केमिकल्स वाले प्रोडक्ट्स से चेहरा धोने पर त्वचा में जलन और सूखापन तेजी से बढ़ सकता है। इसके बचाव के लिए रसोई में रखी मलाई और मसूर की दाल बेहद उपयोगी साबित हो सकती है।
मसूर की दाल का फेस पैक
चेहरे पर बार-बार होने वाले पिंपल्स और दानों की समस्या से निजात पाने के लिए मसूर की दाल से बना फेस पैक लगाने का पुराना घरेलू चलन रहा है। इस असरदार पैक को तैयार करने के लिए सबसे पहले मसूर की दाल को पानी में भिगोकर अच्छी तरह पीस लेना चाहिए ताकि एक स्मूथ पेस्ट बन जाए। इस तैयार पेस्ट को चेहरे पर बहुत हल्के हाथों से लगाना चाहिए और कुछ समय बीत जाने के बाद साफ पानी से धो लेना चाहिए। इस घरेलू नुस्खे को अपनाने से मुंहासों की समस्या में काफी राहत मिलती है और चेहरे की रंगत सुधरती है।
दिन में चेहरे की सफाई का सही तरीका
मौसम की धूल-मिट्टी और चेहरे पर बनने वाले अतिरिक्त तेल की वजह से स्किन पर गंदगी की परत जम सकती है। इसलिए ऑयली स्किन वाले लोगों को नियमित अंतराल पर अपने चेहरे को साफ करते रहना चाहिए। इसके लिए दिन की शुरुआत में सुबह के वक्त और रात को सोने से पहले माइल्ड फेसवॉश से चेहरा धोना पूरी तरह पर्याप्त होता है। अगर दिनभर में पसीना ज्यादा आए या चेहरे पर ज्यादा गंदगी महसूस हो, तो जरूरत पड़ने पर केवल सादे पानी से भी चेहरा धोया जा सकता है। चेहरा साफ करने के बाद अपनी त्वचा की जरूरत के अनुसार सही मॉश्चराइजर जरूर लगाएं। इसके अलावा, दिन के समय जब भी घर से बाहर निकलना हो, तो सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना भी बहुत जरूरी होता है। स्किन केयर के इन सही तरीकों को अपनाने से सर्दियों के मौसम में भी चेहरे की प्राकृतिक चमक और नमी बरकरार रखी जा सकती है।


















