ट्रेन में सफर के दौरान अगर आप मोबाइल पर बिना ईयरफोन के तेज आवाज में गाने सुनते हैं या फोन पर जोर-जोर से बात करते हैं, तो अब यह आदत आपको भारी पड़ सकती है। यात्रियों की सुविधा और शांतिपूर्ण सफर को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने सख्त चेतावनी जारी की है। नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। रेलवे का उद्देश्य है कि डिब्बों के भीतर हर यात्री का सफर सहज और व्यवधान मुक्त रहे।
रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत कार्रवाई
रेलवे प्रशासन के अनुसार, सफर के दौरान मोबाइल स्पीकर पर वीडियो या म्यूजिक चलाना और देर तक ऊंची आवाज में फोन पर बोलना साथी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता है। यदि इस तरह की गतिविधियों से ट्रेन के डिब्बे में उपद्रव या विवाद की स्थिति पैदा होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस कानून के प्रावधानों के अंतर्गत आरोपी पर 1,000 रुपये तक का आर्थिक जुर्माना लगाया जा सकता है, या छह महीने तक की जेल की सजा हो सकती है। गंभीर मामलों में जुर्माना और कैद दोनों की सजा एक साथ भी दी जा सकती है। सक्षम कमर्शियल रेलवे स्टाफ और टीटीई को नियमानुसार कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।
यात्रियों के लिए जरूरी हिदायतें
पूर्व रेलवे ने सभी यात्रियों से कुछ बुनियादी शिष्टाचार का पालन करने का अनुरोध किया है। यात्रा के दौरान मोबाइल फोन की रिंगटोन को हमेशा कम आवाज पर रखें या उसे वाइब्रेशन मोड पर डाल दें। गाने सुनने या कोई वीडियो देखने के लिए अनिवार्य रूप से ईयरफोन या हेडफोन का इस्तेमाल करें। इसके अलावा रात के समय या लंबी बातचीत के दौरान साथी यात्रियों की नींद और निजता का ध्यान रखते हुए धीमी आवाज में बात करें। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर यात्री अपने सफर को खुद के साथ-साथ दूसरों के लिए भी खुशनुमा बना सकते हैं।
स्टेशनों और एसी कोचों में चलेगा जागरूकता अभियान
नियमों को सख्ती से लागू करने के साथ ही रेलवे जागरूकता फैलाने पर भी जोर दे रहा है। स्टेशनों और चलती ट्रेनों के सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) के माध्यम से लगातार संदेश दिए जाएंगे। ये निर्देश हिंदी, अंग्रेजी और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किए जाएंगे ताकि सभी यात्री इन्हें आसानी से समझ सकें। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों के प्रमुख स्थानों तथा विशेष रूप से वातानुकूलित (एसी) कोचों में सूचनात्मक पोस्टर और स्टिकर लगाए जा रहे हैं।
सभी मंडलों को दिए गए सख्त निर्देश
पूर्व रेलवे ने अपने सभी रेल मंडलों को इन दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। मंडलों को यह निर्देश भी दिए गए हैं कि वे जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को प्रस्तुत करें। रेलवे प्रशासन का मानना है कि यात्रियों का थोड़ा सा सहयोग और पारस्परिक सम्मान पूरी रेल यात्रा को कहीं अधिक सुखद, सुरक्षित और आरामदायक बना सकता है।



















