भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार राज्य के खेल और खिलाड़ियों के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की दूरदर्शी नीतियों का ही परिणाम है कि आज मध्य प्रदेश के युवा खिलाड़ी वैश्विक पटल पर राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। आज शायद ही कोई ऐसा बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा, जहां मध्य प्रदेश के धुरंधर अपनी मौजूदगी दर्ज न कराते हों। राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक की प्रतिभाओं को सही मंच मिल रहा है। खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप तराशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए राज्य भर में कुल 11 खेल अकादमियों का संचालन किया जा रहा है। इन प्रयासों का नतीजा यह है कि पिछले तीन वर्षों के भीतर ही यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।
18 खेलों के लिए संचालित हो रही हैं 11 अकादमियां
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश में कुल 11 अकादमियां चलाई जा रही हैं, जिनमें 18 अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, घुड़सवारी और ट्रायथलीन जैसी विधाओं के लिए विशेष केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा मार्शल आर्ट्स अकादमी के अंतर्गत कुश्ती, बॉक्सिंग, तलवारबाजी, जूडो, कराटे और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जाता है। पुरुष हॉकी और महिला हॉकी के लिए अलग से अकादमियां काम कर रही हैं। शूटिंग के लिए अत्याधुनिक रेंज उपलब्ध है, वहीं वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी के तहत सेलिंग, रोइंग और कयाकिंग एवं कैनोइंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन सभी अकादमियों में युवा खिलाड़ियों को उच्च कोटि की कोचिंग मिलती है ताकि वे दुनिया भर के खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दे सकें।
खिलाड़ियों के विकास के लिए तैयार किया गया विश्व स्तरीय ढांचा
राज्य में खेलों के समग्र विकास के लिए अत्याधुनिक खेल अधोसंरचना का निर्माण किया गया है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए खेल अकादमियों, अत्याधुनिक खेल मैदानों और विशेष प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना की है। वॉटर स्पोर्ट्स के लिए उन्नत स्तर की सुविधाएं जुटाई गई हैं, जिससे नौकायन और अन्य जलीय खेलों के खिलाड़ियों को काफी लाभ मिल रहा है। हॉकी के लिए विश्व स्तर के मैदान और शूटिंग के लिए हाई-टेक रेंज विकसित की गई हैं। बहुविध मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण केंद्र के जरिए विभिन्न युद्ध कलाओं के खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। खेल अकादमियों में आवासीय सुविधाएं भी दी जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों का पूरा फोकस केवल अपने खेल पर रहता है। इसके साथ ही स्पोर्ट्स साइंस और रिहैबिलिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है, जो चोट से उबरने और फिटनेस बनाए रखने में मदद करते हैं। देश-विदेश के जाने-माने प्रशिक्षक और तकनीकी विशेषज्ञ लगातार इन खिलाड़ियों को तराश रहे हैं ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे सकें।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
पिछले तीन वर्षों के दौरान मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल 201 पदक अपने नाम किए हैं। हाल ही में संपन्न हुए एशियन गेम्स 2026 में यहां के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। इस दौरान कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में देश का परचम लहराया। शूटिंग में नीरू बांडा, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जूडो में यामिनी मौर्य और पैरा जूडो में कपिल परमार ने पदक जीते। हॉकी में विवेक सागर प्रसाद और इशिका चौधरी ने अपनी छाप छोड़ी। इनके अलावा अजय बाबू ने भारोत्तोलन में, क्रांति गौड़ ने महिला क्रिकेट में, प्रियांशी प्रजापत ने कुश्ती में, जय मौणा ने सॉफ्ट टेनिस में, माही लामा ने बॉक्सिंग में, वसु चंद्रवंशी ने नौकायन में, खुशी दाभाड़े ने तलवारबाजी में और प्राची यादव ने पैरा कैनो स्पर्धा में शानदार सफलता हासिल करके प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर बना नई पहचान
राज्य की खेल अधोसंरचना में नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर एक मील का पत्थर साबित हुआ है और यह मध्य प्रदेश की नई पहचान बन गया है। इस भव्य परिसर के निर्माण को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण के तहत यहां एथलेटिक्स स्टेडियम, हॉकी का खेल मैदान, मनोरंजन क्षेत्र और वॉर्म अप एथलेटिक्स मैदान का निर्माण पूरा किया गया। इसके बाद दूसरे चरण में इंडौर स्टेडियम, जलीय क्रीड़ा स्टेडियम, फुटबॉल उच्च प्रदर्शन केंद्र, छात्रावास, कर्मचारी आवास और एम्फीथिएटर बनाए गए। अब तीसरे और अंतिम चरण में घुड़सवारी ट्रैक, टेनिस एटीपी-250 कोर्ट, फुटसल कोर्ट, ऑडिटोरियम, क्रिकेट स्टेडियम, चार सितारा होटल, जिम्नास्टिक हॉल और एक आधुनिक वाणिज्यिक परिसर का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे यह परिसर विश्व स्तरीय खेल हब के रूप में स्थापित हो रहा है।



















