देश की संसद में निचले सदन की सदस्य संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 तक किए जाने की संभावनाओं पर बहस जारी है। इस बीच सात दशक से अधिक पुरानी उस ऐतिहासिक चर्चा को याद किया जा रहा है, जब 1949 में संविधान सभा के भीतर संसद सदस्यों की अधिकतम संख्या तय करने को लेकर गंभीर मंथन हुआ था। उस दौर में संविधान निर्माताओं ने निचले सदन की सीमा 500 तय की थी, लेकिन इस पर आम सहमति आसानी से नहीं बनी थी और सदस्यों के बीच तीखी नोंकझोक देखने को मिली थी।
केटी शाह ने क्यों जताई थी आपत्ति
संविधान सभा की बैठकों के दौरान प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और समाजवादी नेता केटी शाह ने लोकसभा के आकार पर कोई भी अधिकतम सीमा लगाने का खुलकर विरोध किया था। उन्होंने इस संबंध में एक संशोधन भी पेश किया था, जिसके तहत वे चाहते थे कि सदन की कोई तय सीमा न हो। उनका तर्क था कि जैसे-जैसे देश की आबादी बढ़ेगी, वैसे-वैसे जनप्रतिनिधियों की संख्या भी स्वाभाविक रूप से बढ़नी चाहिए ताकि हर सांसद कम से कम आबादी का प्रतिनिधित्व कर सके।
एम. अनंतशयनम अयंगर का कड़ा विरोध
केटी शाह के इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध कांग्रेस के प्रमुख सदस्य एम. अनंतशयनम अयंगर ने किया था। अयंगर का मानना था कि 500 सदस्यों का सदन देश के लिए पूरी तरह से पर्याप्त है और इससे बड़ा आकार कामकाज में बाधा बन सकता है। उन्होंने तर्क दिया था कि मौजूदा छोटे सदनों में भी कोरम पूरा करने के लिए लगातार घंटियां बजानी पड़ती हैं, ऐसे में संख्या बढ़ाने से सदन की कार्यकुशलता बेहतर नहीं होगी बल्कि प्रशासनिक परेशानियां बढ़ेंगी।
अनुच्छेद 81 में हुआ था प्रावधान
सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद संविधान सभा ने केटी शाह के संशोधन को खारिज कर दिया था। इसके बाद 26 नवंबर, 1949 को स्वीकार किए गए संविधान के अनुच्छेद 81 के तहत सीधे तौर पर चुने जाने वाले प्रतिनिधियों की सीमा 500 निर्धारित कर दी गई। शुरुआती प्रावधान के मुताबिक राज्यों की जनता द्वारा चुने जाने वाले कुल सांसद 500 से ज्यादा नहीं हो सकते थे। हालांकि बाद के दशकों में कई संशोधनों के जरिए इस संख्या में बदलाव किए गए और वर्तमान में यह सीमा राज्यों के लिए 530 तथा केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 20 तय है।


















