तकनीकी नवाचार की दुनिया में हैदराबाद के एक युवा छात्र ने बड़ा कमाल कर दिखाया है। शहर के इंडस इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र अगम ने एक ऐसा अनोखा पोर्टेबल गैजेट तैयार किया है, जो किसी भी तरह के इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क के बिना सीधे अंतरिक्ष के मौसम उपग्रहों से संपर्क साध सकता है। इस विशेष उपकरण का नाम 'समिट साथी' रखा गया है, जिसे मुख्य रूप से उन लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है जो ट्रैकिंग या पर्वतारोहण के लिए दुर्गम इलाकों में जाते हैं।
हिमालय के एक मुश्किल अनुभव से आया विचार
इस अनूठे यंत्र को विकसित करने के पीछे छात्र के व्यक्तिगत जीवन का एक कठिन अनुभव जुड़ा हुआ है। ट्रैकिंग के अत्यधिक शौकीन अगम एक बार हिमालय की ऊंची चोटियों पर चढ़ाई कर रहे थे, तभी वहां का मौसम अचानक बेहद खतरनाक हो गया। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के बीच स्थिति तब और गंभीर हो गई जब वहां मोबाइल का कोई सिग्नल नहीं आ रहा था और मौसम से जुड़ा कोई पूर्वानुमान मिलना असंभव था। उस विकट परिस्थिति में उन्हें बिना किसी पुख्ता जानकारी के केवल अनुमान के सहारे आगे बढ़ने का जोखिम भरा फैसला लेना पड़ा था। उसी घटना ने उनके भीतर एक ऐसी तकनीक विकसित करने की जिद जगा दी, जो रिमोट इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते मौसम की सही चेतावनी दे सके।
छह महीने की कठिन मेहनत और तकनीक का मेल
इस डिवाइस को वास्तविकता का रूप देने में लगभग छह महीने का कड़ा परिश्रम लगा है। इस उपकरण की संरचना में एक विशिष्ट एंटीना, रेडियो तरंगों को कैच करने के लिए RTL-SDR और प्राप्त डेटा को प्रोसेस करने के लिए Raspberry Pi नामक एक छोटे कंप्यूटर का उपयोग किया गया है। इस गैजेट को अत्यधिक ठंड और बारिश जैसे प्रतिकूल पहाड़ी मौसम से सुरक्षित रखने के लिए एक मजबूत एल्युमीनियम के बक्से में फिट किया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट को मुकाम तक पहुंचाने में हैदराबाद की प्रतिष्ठित स्पेस कंपनी Dhruva Space के विशेषज्ञों के साथ-साथ उनके स्कूल की डिज़ाइन टीम का भी भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिला।
इस तरह काम करता है समिट साथी डिवाइस
यह अभिनव उपकरण सीधे तौर पर Meteor-M जैसे ओपन-ब्रॉडकास्ट सैटेलाइट्स से कनेक्ट होकर बादलों की लाइव तस्वीरें अपने सिस्टम में डाउनलोड करता है। इसके भीतर मौजूद AI मॉडल बादलों की सघनता, तापमान, हवा के बहने की दिशा और वर्षा की संभावना जैसे कुल 46 अलग-अलग मानकों की गहराई से जांच करता है। इसके बाद यह डिवाइस स्क्रीन पर 0 से लेकर 100 के बीच एक स्पष्ट सेफ्टी स्कोर प्रदर्शित करता है। यदि यह स्कोर 0 और 30 के दायरे में रहता है, तो मौसम को सुरक्षित माना जाता है, जबकि स्कोर 100 के करीब पहुंचने का मतलब है कि बाहर निकलना या आगे बढ़ना जानलेवा साबित हो सकता है। इसके अलावा, स्क्रीन पर वर्तमान तापमान, आर्दता और आसपास सक्रिय उपग्रहों की लाइव जानकारी भी आसानी से देखी जा सकती है। अपनी पढ़ाई के साथ खेलकूद और पर्वतारोहण में गहरी रुचि रखने वाले अगम का यह आविष्कार आने वाले समय में कई पर्वतारोहियों की जान बचाने में बेहद कारगर साबित हो सकता है।





















