राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला इन दिनों अजमेर जिले में पूरे शबाब पर है। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले के मैदान में एक तरफ जहां सजे-धजे ऊंटों की कतारें और पशुओं की खरीद-फरोख्त चल रही है, वहीं दूसरी तरफ राजस्थानी संस्कृति, लोक संगीत, पारंपरिक खेल और धार्मिक अनुष्ठानों की अनूठी छटा देखने को मिल रही है।
करोड़ों रुपये की कीमत वाले खास घोड़े
इस बार मेले में विभिन्न नस्लों के शानदार घोड़े खासे चर्चा का विषय बने हुए हैं। महाराष्ट्र से पुष्कर पहुंचे आरडीएक्स और एलेक्स नाम के दो घोड़े विशेष आकर्षण का केंद्र हैं, जिनके मालिक इनकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रहे हैं। इन घोड़ों की मज़बूत कद-काठी, आकर्षक बनावट और शाही अंदाज देखने वालों का मन मोह रहा है। खास तौर पर आरडीएक्स की लंबाई और उसका दमदार शरीर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, जिसे देखने के लिए पशुप्रेमी और सैलानी भारी भीड़ के साथ पहुंच रहे हैं।
घोड़ों की शाही खुराक और देखभाल
इन बेशकीमती घोड़ों के मालिकों का कहना है कि इन दोनों स्टेलियन की देखभाल और खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इन्हें रोजाना सूखा चारा, हरा चारा, ग्रीन पाउडर और ड्राई पाउडर सहित कई तरह के उच्च पोषक तत्व खिलाए जाते हैं। इनकी बेहतरीन सेहत और खुराक पर हर दिन लगभग एक हजार से पंद्रह रुपये तक का खर्च आता है। अपनी इन्हीं खूबियों के चलते इनके मालिकों ने पुष्कर मेले में इन दोनों घोड़ों की कीमत पांच-पांच करोड़ रुपये तय की है।
आकर्षण का केंद्र बनीं छोटी नस्ल की गायें
पुष्कर मेले में इस बार ऊंट और घोड़ों के साथ-साथ बेहद छोटे कद की दुर्लभ नस्ल की गायें भी लोगों को हैरान कर रही हैं। जयपुर से आए पशुपालक अभिनव तिवारी मेले में चौदह इंच की पुंगनूर के अलावा मिनी माउस और विच्चूर नस्ल की गायें लेकर पहुंचे हैं। पुंगनूर गाय की ऊंचाई मात्र चौदह इंच है और यह आकार में छोटी होने के बावजूद रोजाना करीब तीन लीटर दूध देती है। इसके अलावा, मिनी माउस नस्ल की गाय की लंबाई पंद्रह से बीस इंच और विच्चूर नस्ल की गाय की लंबाई पच्चीस से अट्ठाइस इंच के बीच होती है।
इक्कावन लाख रुपये का भारी-भरकम भैंसा
पशु मेले में इस बार इक्यावन लाख रुपये की भारी-भरकम कीमत वाला आठ सौ किलो वजनी भैंसा भी लोगों के बीच मुख्य चर्चा का विषय बना हुआ है। छोटा सुल्तान नाम का यह भैंसा अपनी विशाल कद-काठी और अनूठी बनावट के कारण सभी को आकर्षित कर रहा है। इस भैंसे की खास खुराक में हर महीने तीन किलो घी और शुद्ध सरसों तथा तिल्ली का तेल शामिल किया जाता है। इसकी देखभाल और खानपान पर प्रतिदिन लगभग पंद्रह सौ रुपये का खर्च आता है।
सिक्कों से सजी भगवान सांवरिया सेठ की प्रतिमा
मेले में सिर्फ जीव-जंतु ही नहीं बल्कि कला के अद्भुत नमूने भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। सैंड आर्टिस्ट अजय रावत द्वारा तैयार की गई भगवान सांवरिया सेठ की अनूठी प्रतिमा मेले में आकर्षण का मुख्य केंद्र है। इस भव्य कलाकृति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे इक्कीस हजार रुपये के असली सिक्कों से सजाया गया है। इस पूरी रचना में मुख्य रूप से एक, दो, पांच और दस रुपये के सिक्कों का इस्तेमाल किया गया है। कलाकार को इस अद्भुत स्वरूप को पूरा करने में कुल छह दिन का समय लगा।
देवनायरान की विशाल रेत कलाकृति
भगवान सांवरिया सेठ की प्रतिमा के अलावा कलाकार अजय रावत ने भगवान देवनारायण की इक्यावन फीट ऊंची प्रतिमा भी सृजित की है। अपने विशाल आकार और मनमोहक स्वरूप के कारण यह कलाकृति पुष्कर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के बीच खासी लोकप्रिय हो रही है। देश और दुनिया के कोने-कोने से पहुंचे लोग इस भव्य कलाकृति को निहारने के साथ-साथ इसके सामने खड़े होकर अपनी तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं।
देशी-विदेशी नस्ल के कुत्ते और बिल्लियां
पुष्कर पशु मेले में केवल पारंपरिक और बड़े पशुओं तक ही दायरा सीमित नहीं है, बल्कि कई तरह के छोटे पालतू पशु-पक्षी भी पर्यटकों का दिल जीत रहे हैं। इनमें टॉय पूडल, पर्शियन कैट, जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर डॉग जैसी लोकप्रिय नस्लें शामिल हैं। इन सभी पालतू जीवों की कीमतें पांच सौ रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक आंकी गई हैं। इनमें सबसे महंगी टॉय पूडल फीमेल डॉग है, जिसकी कीमत बाजार में करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।





















