सीकर जिले के रींगस कस्बे से गुजरने वाले एनएच-52 पर चल रहे पुलिया निर्माण की सुस्त रफ्तार अब आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए गंभीर मुसीबत बनती जा रही है। पिछले करीब छह महीनों से यहां निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक केवल 40 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है, जबकि 60 प्रतिशत हिस्सा अभी भी अधूरा पड़ा हुआ है। ऐसे में आगामी देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान रींगस की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमराने की आशंका जताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के नजदीक आने के बावजूद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई की तरफ से यातायात को सुचारू रखने के लिए कोई ठोस वैकल्पिक इंतजाम सामने नहीं आए हैं।
एक लेन पर ट्रैफिक का दबाव और जाम
फिलहाल पुलिया की एक लाइन पर निर्माण कार्य चल रहा है और केवल दूसरी लाइन से ही दोनों दिशाओं के वाहनों का आना-जाना कराया जा रहा है। इसके कारण एनएच-52 पर रोजाना वाहनों लंबी कतारें लग रही हैं। मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से बचने के लिए ड्राइवर अब रींगस कस्बे के अंदरूनी रास्तों से गुजरने को मजबूर हो रहे हैं। इसका नतीजा यह हो रहा है कि बीकानेर स्टैंड और खाटू मोड़ समेत कस्बे के तमाम प्रमुख मार्गों पर दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। देवउठनी एकादशी के अवसर पर खाटूश्यामजी में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है, जिससे इस निर्माणाधीन पुलिया से गुजरने वाले ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ जाएगा। कस्बे के अंदर इसी मुख्य मार्ग पर राजकीय उप जिला अस्पताल के साथ कई निजी अस्पताल भी संचालित हैं। ऐसे में सड़क पर जाम लगने की स्थिति में एम्बुलेंस के फंसने का खतरा रहता है, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है.
सप्ताहांत पर बदतर हो रहे हालात
स्थानीय निवासी अमित कुमावत का कहना है कि हर शनिवार और रविवार को खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हो जाती है, जिसकी वजह से कस्बे के अंदर भयंकर जाम लग जाता है। कई बार गंभीर आपातकालीन स्थितियों में एम्बुलेंस भी इसी जाम के बीच फंस जाती है। इसके अलावा वरिष्ठ जन सेवा समिति के अध्यक्ष पेमाराम ने बताया कि बीकानेर स्टैंड के पास वाहनों के लंबे जाम की वजह से सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना पैदल चलने वाले बुजुर्गों को करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रशासन को अभी से ही यातायात व्यवस्था को सुधारने और इस विकट जाम से जनता को राहत दिलाने के लिए पुख्ता कदम उठाने चाहिए.
धीमी रफ्तार और प्रशासन के दावे
पुलिया के आसपास रहने वाले स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि पिछले छह महीनों से काम चल रहा है लेकिन इसकी गति बेहद सुस्त है। यदि निर्माण कार्य की रफ्तार यही बनी रही तो वाहन चालकों और कस्बे के लोगों को अभी और लंबी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि इस मामले में उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार का कहना है कि देवउठनी एकादशी के दौरान जाम की स्थिति न बने, इसके लिए रींगस थानाधिकारी राजेंद्र कमांडो को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं। थानाधिकारी की सीधी निगरानी में पुलिस बल तैनात रहेगा और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक मार्शलों की मदद से यातायात को सुचारू रूप से चलाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर एनएचएआई के इंजीनियर कार्तिक कुमावत ने जानकारी दी है कि एनएच-52 की इस पुलिया पर दो लाइनें हैं, जिनमें से एक पर फिलहाल निर्माण कार्य जारी है और दूसरी लाइन से ही दोनों तरफ का ट्रैफिक संभाला जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देवउठनी एकादशी के मौके पर निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार की तरफ से विशेष तौर पर ट्रैफिक मार्शल नियुक्त किए जाएंगे.





















