गुरुवार को चीनी रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि भारत के साथ लगती सीमा पर हालात पूरी तरह से सामान्य और स्थिर बने हुए हैं। बीजिंग का कहना है कि दोनों देश सरहद पर शांति और स्थिरता कायम रखने के लिए लगातार कूटनीतिक और सैन्य माध्यमों से संपर्क में हैं।
मासिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी से अरुणाचल प्रदेश से सटी वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के पास हालिया सैन्य गतिविधियों और आक्रामक रुख के बारे में सवाल पूछा गया था। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने यह बयान दिया।
सैन्य संवाद और पिछले समझौते
कर्नल चेन ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों के बीच सैन्य अधिकारियों की बैठकें लगातार हो रही हैं ताकि पूर्व में बनी सहमति को जमीन पर उतारा जा सके और सीमाई इलाकों में अमन-चैन बरकरार रहे। भारत और चीन के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच हाल ही में कई दिनों तक सीमावर्ती विकास कार्यों को लेकर बातचीत चली थी, जिसमें अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी क्षेत्र में सामने आई गतिविधियों पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया गया था। इसके अलावा सितंबर के महीने में भी दोनों सेनाओं के बीच अरुणाचल सेक्टर में अलग-अलग सत्रों में फ्लैग मीटिंग्स का आयोजन किया गया था।
अरुणाचल प्रदेश पर पुराना दावा
शांति और बातचीत की बात दोहराने के साथ ही बीजिंग ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर अपना पुराना रुख नहीं बदला। कर्नल चेन ने इस भारतीय राज्य को जांगनान बताते हुए इसे चीनी क्षेत्र का हिस्सा करार दिया। सीनियर कर्नल चेन शी ने कहा कि चीन भारत द्वारा अवैध रूप से स्थापित किए गए तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को कभी स्वीकार नहीं करता है।
भारत-जापान सहयोग पर आपत्ति
सीमा मामलों के अलावा चीनी प्रवक्ता ने हाल ही में संपन्न हुए भारत-जापान टू प्लस टू संवाद पर भी निशाना साधा। इस उच्च स्तरीय बैठक में दोनों एशियाई देशों ने अपनी रक्षा साझेदारी और मिलिट्री-इंडस्ट्रियल सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया था। जापान पर तेजी से दोबारा सैन्यीकरण करने का आरोप लगाते हुए चीनी प्रवक्ता ने दावा किया कि देश में सैन्यवाद का पुनरुत्थान अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता का विषय है और इस पर उचित कदम उठाने की जरूरत है। इस बीच भारत और जापान ने एडवांस्ड मिसाइल टेक्नोलॉजी, मैरीटाइम सिक्योरिटी, नेवल शिपबिल्डिंग और वेसल डिजाइन जैसे क्षेत्रों में अपनी रक्षा साझीदारी का दायरा बढ़ाने पर सहमति जताई है।






















