भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और रेल संपर्क को बढ़ावा देने के लिए रेलवे प्रशासन ने एक नया कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड की ओर से अयोध्या कैंट और नेपाल स्थित जनकपुरधाम के बीच एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों देशों के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। यह गाड़ी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और बिहार के विभिन्न जिलों से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। रेलवे ने इस नई ट्रेन के संचालन से जुड़ी पूरी समय सारणी और रूट की विस्तृत जानकारी साझा कर दी है, जिससे यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी।
शनिवार को जनकपुरधाम से रवाना होगी ट्रेन
नई व्यवस्था के तहत ट्रेन नंबर 15595 जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी। नेपाल के स्थानीय समयानुसार यह गाड़ी दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से अपनी यात्रा शुरू करेगी। भारतीय समयानुसार यह दोपहर 2:10 बजे जयनगर पहुंचेगी और वहां एक घंटे रुकने के बाद दोपहर 3:10 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद शाम 7 बजे यह ट्रेन सीतामढ़ी पहुंचेगी, जहां पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 7:05 बजे रवाना होगी। सफर को आगे बढ़ाते हुए यह गाड़ी रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी और यहां तीस मिनट रुककर रात 11:20 बजे छूटेगी। इसके पश्चात रास्ते में पनियहवा स्टेशन पर रात 2 बजे इसका ठहराव निर्धारित किया गया है। तड़के सुबह 3:55 बजे यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी और दस मिनट के विश्राम के बाद सुबह 4:05 बजे आगे बढ़ेगी। तय शेड्यूल के अनुसार रविवार की सुबह 8:10 बजे यह एक्सप्रेस ट्रेन अयोध्या कैंट स्टेशन पर आकर अपनी यात्रा पूरी करेगी।
सोमवार को अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए वापसी
विपरीत दिशा में वापसी के सफर के लिए ट्रेन नंबर 15596 अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को संचालित की जाएगी। यह गाड़ी शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से जनकपुरधाम के लिए रवाना होगी। रात के समय यह ट्रेन 10:13 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और दस मिनट रुकने के बाद रात 10:23 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद मध्य रात्रि में यह गाड़ी 1:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी, जहां तीस मिनट के ठहराव के बाद रात 2:20 बजे छूटेगी। मंगलवार की तड़के सुबह 4:42 बजे इसके सीतामढ़ी पहुंचने का समय तय किया गया है, जहां से पांच मिनट बाद यानी 4:47 बजे यह आगे बढ़ेगी। भारतीय समयानुसार यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी और यहां दो घंटे रुकने के बाद सुबह 10:30 बजे प्रस्थान करेगी। अंत में, नेपाल के समयानुसार दोपहर 12:40 बजे यह ट्रेन जनकपुरधाम पहुंचेगी।
प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव और रखरखाव
रेलवे बोर्ड के आधिकारिक निर्देशों के अनुसार, इस एक्सप्रेस ट्रेन के कई व्यावसायिक ठहराव तय किए गए हैं। यह गाड़ी जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन के सुचारू संचालन के लिए इसका प्राथमिक रखरखाव जयनगर स्टेशन पर किया जाएगा। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले नरकटियागंज और गोरखपुर स्टेशनों पर ट्रेन में पानी भरने की विशेष व्यवस्था की गई है। हालांकि रेलवे ने संबंधित अधिकारियों को इस सेवा को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन आदेश में इसके नियमित संचालन की किसी निश्चित तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।



















