आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर सुरक्षाबलों ने माओवादियों के एक गुप्त ठिकाने का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार जब्त किए हैं। यह विस्फोटक डंप मारे जा चुके कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा का बताया जा रहा है। हिडमा 18 नवंबर 2025 को एक मुठभेड़ में मारा गया था, लेकिन उसके गिरोह द्वारा छिपाई गई हथियारों की खेप अब सामने आई है। किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए सुरक्षाबल लगातार जंगलों में सघन जांच अभियान चला रहे हैं।
आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ सीमा पर सर्च ऑपरेशन
आंध्र प्रदेश पुलिस और CRPF के एक संयुक्त दल ने सीमावर्ती इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर इस डंप की खोज की। इस कार्रवाई का नेतृत्व पोलावरम जिले के SP के. चक्रवर्ती ने अपनी विशेष टीम के साथ किया। सुरक्षाबलों ने मौके से 670 जिंदा BGL शेल, 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 250 ग्राम गनपाउडर तथा कॉर्डेक्स तार के 25 टुकड़े बरामद किए। इसके अलावा 12 बूस्टर या एक्सप्लोसिव रिंग, 7 जिंदा भरमार कारतूस, 7.62 MM के 16 खाली कारतूस और लगभग 6 मीटर लंबा फ्यूज भी जब्त किया गया है।
हथियारों और बारूद के साथ-साथ नक्सलियों के इस गुप्त ठिकाने से प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाइयों का जखीरा भी मिला है। सुरक्षाकर्मियों ने वहां से 20 तरह की मेडिकल सप्लाई बरामद की है, जिसमें गंभीर चोटों और बीमारियों के इलाज में काम आने वाली दवाइयां और एक मेडिकल किट बॉक्स शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक इस सामग्री की बरामदगी से माओवादियों की रसद और चिकित्सा सहायता प्रणाली को बड़ा झटका लगा है।
बीजापुर और दंतेवाड़ा के जंगलों में मिली सफलता
सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में भी सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमों ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के घने जंगलों में DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF के जवानों ने संयुक्त रूप से खोजबीन की। इस दौरान माओवादियों का एक अन्य ठिकाना ध्वस्त किया गया, जहां से एक AK-47 रायफल, 2 BGL लॉन्चर, कुकर बम, जिंदा कारतूस तथा कई अन्य घातक सामग्री बरामद हुई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले पूर्व माओवादियों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर यह डंप बरामद हुआ है। मुख्यधारा में लौटे नक्सलियों से मिली गोपनीय सूचनाओं के दम पर पुलिस अब जंगलों में छिपाई गई बारूदी सामग्री को लगातार खोजकर निष्क्रिए कर रही है। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों और जंगल में जाने वाले लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई दे, तो तुरंत पास के पुलिस थाने को सूचित करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


















