दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के 29वें मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स और पुरानी दिल्ली 6 के बीच एक रोमांचक मैच देखने को मिला। इस मैच के दौरान उस वक्त मैदान पर तनाव की स्थिति बन गई, जब पुरानी दिल्ली 6 के स्पिनर दिग्वेश राठी ने आउटर दिल्ली के बल्लेबाज प्रियांश आर्य का विकेट चटकाया। विकेट लेने के तुरंत बाद दिग्वेश ने अपना चर्चित नोटबुक सैंड ऑफ सेलिब्रेशन किया। हालांकि, प्रियांश आर्य ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुपचाप पवेलियन लौट गए, जिससे मैदान पर एक संभावित विवाद टल गया।
प्रियांश आर्य और यजस शर्मा की तूफानी शुरुआत
मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में उतरी थी। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और उनके साथी यजस शर्मा ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई। हालांकि, अपनी आक्रामक छवि के बावजूद प्रियांश आर्य अपनी पारी को ज्यादा लंबी नहीं खींच सके। वह सिर्फ 30 रन बनाकर आउट हो गए। पुरानी दिल्ली 6 के फिरकी गेंदबाज दिग्वेश राठी ने अपनी फिरकी गेंद से प्रियांश को अपने जाल में फंसाया और कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
दिग्वेश राठी का नोटबुक सेलिब्रेशन और प्रियांश का संयम
प्रियांश आर्य का अहम विकेट हासिल करने के बाद दिग्वेश राठी की खुशी देखने लायक थी। उन्होंने तुरंत अपना ट्रेडमार्क नोटबुक सैंड ऑफ सेलिब्रेशन दोहराया। गौर करने वाली बात यह है कि इस तरह के जश्न मनाने के लिए दिग्वेश राठी को अतीत में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड यानी BCCI से फटकार और सजा का सामना करना पड़ा है। हालिया मुकाबलों में खराब फॉर्म से जूझ रहे प्रियांश आर्य ने इस उकसावे पर बेहद शांत और समझदारी भरा रवैया अपनाया। यदि प्रियांश उस पल कुछ तीखी प्रतिक्रिया देते, तो मैदान पर दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस या क्लेश हो सकता था।



















