दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। अधिकारियों ने दुबई से भारत लौटे एक यात्री के पास से करीब 94 लाख रुपये मूल्य की एक बेहद महंगी लग्जरी घड़ी बरामद की है। हवाई अड्डे पर हुई इस जब्ती के बाद से ही आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
दुबई से उड़ान भरकर पहुंचा था यात्री
कस्टम विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 11 नवंबर को अंजाम दी गई। यात्री दुबई से उड़ान संख्या SG5106 के जरिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा था। आगमन के दौरान उसकी गतिविधियों और हाव-भाव पर शक होने पर कस्टम अधिकारियों ने उसे रोक लिया और गहन जांच के लिए अलग ले जाया गया।
एक्स-रे जांच और मेटल डिटेक्टर में खुला राज
ग्रीन चैनल पार करने की कोशिश के दौरान रोके गए यात्री और उसके सामान की सबसे पहले एक्स-रे मशीन से जांच की गई। इसके बाद जब उसे डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर यानी DFMD गेट से गुजारा गया, तो मशीन ने तेज अलर्ट बीप बजाई। इसके बाद जब उसके साजो-सामान और शरीर की बारीकी से तलाशी ली गई, तो स्विट्जरलैंड में बनी मशहूर Patek Philippe Aquanaut घड़ी हाथ लगी।
चार्टर्ड इंजीनियर ने की कीमत की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक स्वतंत्र चार्टर्ड इंजीनियर से इस घड़ी की प्रामाणिकता और मूल्य की जांच कराई गई। इंजीनियर ने पुष्टि की कि घड़ी पूरी तरह असली है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 94 लाख रुपये है। इस बहुमूल्य वस्तु को अवैध रूप से देश में लाने के प्रयास को कस्टम अधिकारियों ने नाकाम कर दिया।
सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तारी
अवैध रूप से की जा रही इसमती कीमती सामान की तस्करी के आरोप में कस्टम विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 के प्रावधानों के तहत यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। कीमती घड़ी को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है और इस तस्करी के पीछे के अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।



















