हिमाचल प्रदेश की राजनीति में नए प्रशासनिक जिलों के गठन को लेकर घमासान छिड़ गया है। पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नूरपुर को पूर्ण राजस्व जिला बनाने की पुरजोर मांग उठाई है। उन्होंने दावा किया कि इस इलाके को जिला का दर्जा दिलाने के लिए वह और उनके समर्थक पिछले दो दशकों से संघर्ष कर रहे हैं। इस बातचीत के दौरान उन्होंने नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली पर तीखा हमला बोला और उनके राजनीतिक अनुभव को लेकर टिप्पणी की।
राकेश पठानिया ने कहा कि आरएस बाली अभी हाल ही में विधायक चुने गए हैं और उन्हें राजनीति की गहरी समझ नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नूरपुर को जिला बनाने का मुद्दा आज का नहीं है, बल्कि स्थानीय लोग वर्षों से इसकी मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार, इस इलाके को पुलिस जिला का दर्जा दिलाने में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बड़ा योगदान रहा है, जिनके कार्यकाल में इस दिशा में ठोस कदम उठाए गए थे।
आगे बात रखते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब नूरपुर को सिर्फ पुलिस जिला तक सीमित न रखकर एक पूर्ण राजस्व जिला घोषित किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि यह स्थानीय जनता की पुरानी और जायज मांग है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो भी इस दिशा में पहल करेगा, वह उसका पूरा समर्थन करेंगे। उनके मुताबिक, यह मामला किसी एक राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष से जुड़ा नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के प्रशासनिक विकास और जनता की भावनाओं से ताल्लुक रखता है।
प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर नेताओं के बीच बयानों का दौर जारी है। कांग्रेस सरकार के मंत्री यादवेंद्र गोमा, फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानियां, पालमपुर के विधायक आशीष बुटैल और भाजपा के विधायक जनक राज ने नए जिले बनाने के पक्ष में अपने विचार रखे हैं। इसके विपरीत, आरएस बाली और मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस तरह नए जिले बनाने के प्रस्ताव का खुलकर विरोध किया है।



















