राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी धाम में 20 नवंबर को बाबा श्याम का जन्मोत्सव बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष देवउठनी एकादशी की पावन तिथि के साथ रवि योग और सिद्धि योग का अद्भुत संयोग भी बन रहा है। ज्योतिषीय और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन दोनों योगों के दौरान किए जाने वाले मांगलिक कार्य अत्यधिक शुभ और फलदायी सिद्ध होते हैं। इसी वजह से इस बार खाटूधाम में बाबा श्याम का जन्मोत्सव धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रख रहा है। इस पावन अवसर पर राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
रवि और सिद्धि योग का ज्योतिषीय एवं धार्मिक महत्व
धार्मिक मामलों के जानकार श्याम भक्त चन्द्र प्रकाश ढाढण के अनुसार सूर्य और चंद्रमा के विशेष नक्षत्रीय संचरण से रवि योग का निर्माण होता है। शास्त्रों में रवि योग को नकारात्मक प्रभावों को समाप्त करने वाला और शुभ फलों को बढ़ाने वाला माना गया है। इस योग में की गई पूजा-अर्चना का कई गुना फल प्राप्त होता है। दूसरी ओर सिद्धि योग भी धार्मिक अनुष्ठानों और मांगलिक कार्यों के संपादन के लिए अत्यंत श्रेयस्कर माना जाता है। देवउठनी एकादशी के शुभ दिन इन दो प्रमुख योगों के एक साथ उपस्थित रहने से जन्मोत्सव का पावन अवसर भक्तों के लिए विशेष फलदायी रहेगा। इस दिन श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचकर अपने परिवार के कल्याण, आरोग्य और समृद्धि की मंगल कामना करेंगे।
देशभर से पहुंचेंगे श्रद्धालु, छप्पन भोग का लगेगा प्रसाद
बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान के कोने-कोने से भक्त खाटूधाम के लिए रवाना होने लगे हैं। जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर बाबा श्याम को 56 भोग का भव्य प्रसाद अर्पित किया जाएगा। मंदिर प्रांगण में विशेष फूल बंगले की सजावट की जाएगी और रंगारंग धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर जन्मोत्सव की बधाई देंगे।
फाल्गुनी लक्खी मेले की तर्ज पर प्रशासन की तैयारियां
जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंदिर परिसर और पूरे धाम में व्यवस्थाओं को प्रसिद्ध वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले के स्तर पर अमलीजामा पहनाया जा रहा है। दर्शन मार्ग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल और सुरक्षा व्यवस्था के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग और कतार प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। देवउठनी एकादशी, रवि योग और सिद्धि योग के इस पावन त्रिवेणी संयोग में खाटूधाम की रौनक देखते ही बनेगी।


















