जयपुर के मेडिकल कॉलेजों में शिक्षक के पद पर नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आखिरकार 209 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति सौंप दी है। विभाग की ओर से 18 नवंबर को कुल 23 अलग-अलग विषयों और स्पेशिएलिटीज के लिए आधिकारिक तौर पर नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं।
यह पूरी चयन प्रक्रिया वर्ष 2021 में शुरू की गई थी, लेकिन कानूनी मामलों और कोर्ट केस की वजह से मामला लंबे समय तक अटका रहा। अदालत की तरफ से रोक हटाए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिखाई गई और सभी बाधाओं को पार करते हुए सफल अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया गया है।
किस विभाग में कितनी मिली नियुक्तियां
जारी किए गए आधिकारिक विवरण के मुताबिक, सबसे अधिक 41 असिस्टेंट प्रोफेसर जनरल सर्जरी विभाग को मिले हैं। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 39 पदों पर चयन हुआ है, जनरल मेडिसिन के लिए 31 और शिशु रोग विभाग में 21 उम्मीदवारों को नियुक्ति दी गई है।
अन्य प्रमुख विभागों की बात करें तो एनेस्थीसिया में 20, रेडियो डायग्नोसिस में 16, कार्डियोलॉजी में 6 और मेडिकल ऑन्कोलॉजी में भी 6 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही कई अन्य विशेषज्ञ विभागों में भी डॉक्टरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा को मिलेगी मजबूती
इस पूरी प्रक्रिया पर बात करते हुए चिकित्सा शिक्षा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि इन नियुक्तियों के जरिए राज्य के मेडिकल कॉलेजों में पठन-पाठन का स्तर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं दोनों मजबूत होंगी। इससे न केवल मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि वहां आने वाले मरीजों को भी बेहतर विशेषज्ञ इलाज का सीधा लाभ मिल सकेगा।



















