उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के तेजवापुर ब्लॉक अंतर्गत धीरवान गाँव की रहने वाली निधि अवस्थी ने ग्रामीण परिवेश की बंदिशों को पीछे छोड़ते हुए आत्मनिर्भरता की अनूठी मिसाल कायम की है। छह बहनों में सबसे बड़ी होने के कारण घर में भाई न होने की स्थिति में उन्होंने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सहर्ष स्वीकारा। अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ-साथ निधि पिछले आठ वर्षों से आत्मविश्वास से बाइक चलाकर घर और खेत से जुड़े सभी काम अकेले संभाल रही हैं।
उच्च शिक्षा के साथ संभाला घर का दारोमदार
निधि ने स्नातक के बाद परास्नातक (एम.ए.) तक उच्च शिक्षा हासिल की है। परिवार में बेटों की अनुपस्थिति को उन्होंने अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया, बल्कि हर मोड़ पर परिवार के लिए ढाल बनकर खड़ी हुईं। जब घर के जरूरी कामों को पूरा करने में आवागमन की चुनौती सामने आई, तो उन्होंने लगभग 21-22 वर्ष की आयु में मोटरसाइकिल चलाना सीखा। इस काम में उनके पिता और पूरे परिवार ने उनका खुलकर समर्थन किया, जिससे उनका हौसला और बढ़ा।
खेती से लेकर अस्पताल तक की जिम्मेदारी
गाँव में रहते हुए निधि खेती-किसानी के कामों में हाथ बटाती हैं। खेतों के लिए खाद और बीज लाने से लेकर बाजार से राशन और दैनिक जरूरतों का सामान लाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। इतना ही नहीं, परिवार में किसी के बीमार पड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जिम्मेदारी भी निधि खुद ही उठाती हैं।
कृषि प्रशिक्षण और गायकी में पहचान
अपनी पारिवारिक और घरेलू जिम्मेदारियों को पूरा करने के साथ निधि कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में लगातार हिस्सा लेती हैं। कृषि के प्रति उनकी गहरी रुचि उन्हें खेती से जुड़ी नई तकनीकों को समझने में मदद करती है। इसके अलावा निधि को बचपन से संगीत का शौक है। उन्होंने हारमोनियम बजाकर अपनी गायकी के हुनर को निखारा है। जब उन्होंने एक कार्यक्रम में रामकथा और मीरा बाई के भजन गाए, तो वहां मौजूद अधिकारियों ने उनकी गायकी की प्रशंसा की और आगे बढ़ने का प्रोत्साहन दिया।



















