धार्मिक नगरी हरिद्वार में आस्था के साथ-साथ इतिहास के कई अनछुए पहलू आज भी जीवंत हैं। अपर रोड के आरंभ में बनी सेठ सुगनमल धर्मशाला अपनी अनूठी वास्तुकला और असाधारण मजबूती के कारण सदियों से आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ब्रिटिश हुकूमत के दौर में पारंपरिक भारतीय निर्माण सामग्री से तैयार की गई यह ऐतिहासिक इमारत आज के आधुनिक सीमेंट वाले मकानों को कड़ी टक्कर दे रही है। समय के थ थपेड़े सहने के बाद भी इसकी भव्यता और विशाल काष्ठ द्वार जस के तस सुरक्षित हैं। इस प्राचीन इमारत का सीधा संबंध हिंदी सिनेमा जगत से भी रहा है, जिसके चलते इसकी ऐतिहासिक महत्ता और अधिक बढ़ जाती है।
ढाई सदी पुराना वास्तुकला का बेजोड़ नमूना
हरिद्वार में अपर रोड पर नगर कोतवाली के समीप स्थित सेठ सुगनमल धरमशाला के संचालक श्रीनिवास पांडे के अनुसार यह ऐतिहासिक धर्मशाला लगभग ढाई सौ वर्ष पुरानी है। इसका निर्माण अंग्रेजी शासन काल के दौरान किया गया था। उस समय आधुनिक सीमेंट का प्रचलन नहीं था, इसलिए इसे सुरखी, चूना, गुड़ और उड़द की दाल के पारंपरिक मिश्रण का उपयोग करके पहाड़ की चट्टान पर खड़ा किया गया था। यही प्रमुख वजह है कि जहां आज के आधुनिक दौर के भवन दो-तीन दशकों में ही कमजोर हो जाते हैं, वहीं यह विशाल इमारत आज भी किसी चट्टान की भांति पूरी तरह अडिग है। इस धर्मशाला की पारंपरिक घुमावदार आर्च और मुख्य प्रवेश द्वार पर लगी लकड़ी आज भी बिना किसी नुकसान के सुरक्षित अवस्था में है। इसके अतिरिक्त, इस परिसर के भीतर शेषनाग के स्वरूप में विराजमान प्राचीन सप्त समुद्रेश्वर महादेव का शिवलिंग भी स्थापित है।
बॉलीवुड फिल्म अर्जुन पंडित से जुड़ा है पुराना नाता
फिल्म की शूटिंग के दौरान वहां मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शी योगेश पंत के अनुसार इस ऐतिहासिक परिसर का बॉलीवुड से गहरा नाता है और यहां लोकप्रिय फिल्म अर्जुन पंडित की शूटिंग संपन्न हुई थी। योगेश पंत ने जानकारी दी कि इसी धर्मशाला के प्रांगण में सनी देओल और जूही चावला की मुख्य भूमिका वाली सुपरहिट फिल्म अर्जुन पंडित के कई महत्वपूर्ण दृश्य कैमरे में कैद किए गए थे। उन्होंने अपनी आंखों से उस दृश्य को देखा था जब सनी देओल जूही चावला को साइकिल पर बैठाकर परिसर में चला रहे थे। इस पूरी फिल्म में इस पुरानी इमारत को मुख्य पात्र अर्जुन दीक्षित यानी सनी देओल के निवास स्थान के रूप में दर्शाया गया था। भौगोलिक दृष्टि से भी यह स्थान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि यहां से पवित्र हर की पौड़ी केवल चार सौ मीटर, मनसा देवी का रोपवे पचास मीटर और पैदल मार्ग सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके अलावा, चंडी देवी मंदिर का मार्ग भी यहीं से होकर गुजरता है जबकि इस धर्मशाला की छत से घने जंगलों और हरियाली से भरपूर पहाड़ों का मनमोहक दृश्य साफ दिखाई देता है।



















