मेटा के हाल ही में लॉन्च हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल म्यूज़ को लेकर कंपनी के भीतर ही गंभीर सुरक्षा और प्राइवेसी सवाल खड़े हो गए हैं। आंतरिक रिपोर्टों के अनुसार, यह AI एजेंट अलग-अलग अकाउंट्स की बातचीत को आपस में मिला रहा है और यूज़र्स का बेहद निजी डेटा अनजाने में दूसरों के सामने उजागर कर रहा है।
अन्जान बैंक बैलेंस और प्राइवेसी में सेंध
टूल का इस्तेमाल कर रहे कर्मचारियों ने पाया है कि म्यूज़ उन्हें ऐसी जानकारी दिखा रहा है जिसका उनकी अपनी गतिविधियों से कोई लेना-देना नहीं है। एक वाकये में मौसम और ज्वार-भाटे की जानकारी ले रहे कर्मचारी को AI ने अचानक मैसेज भेजा। उसमें लिखा था, “बाय द वे, दो बैंक अपडेट, आपका कैपिटल वन बैलेंस $2722.58 है, आपका चार्ल्स श्वाब बैलेंस $5899.57 है।”
इसके अलावा, कर्मचारियों को ऐसे प्रोडक्ट ऑर्डर्स के विवरण मिले जो उन्होंने कभी दिए ही नहीं थे। कई लोगों को ऐसे करियर सलाह और बच्चों की देखभाल से जुड़े रिक्वेस्ट दिखे जो किसी और अकाउंट के थे। एक अन्य मामले में, अपने पर्सनल फोन पर म्यूज़ का इस्तेमाल कर रही एक कर्मचारी को एनक्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप सिग्नल पर आए मैसेज का जवाब देने का रिमाइंडर मिला।
तेजी से बढ़ता यूज़र बेस और सुरक्षा चुनौतियां
बिना अनुमति दूसरे ऐप्स का डेटा एक्सेस किए जाने पर कर्मचारियों ने गहरी चिंता जताई है। इस मामले पर एक कर्मचारी ने लिखा, “यह प्राइवेसी का बहुत बड़ा उल्लंघन लगता है। मैंने निश्चित रूप से इसे दूसरे ऐप्स की अनुमति नहीं दी थी।”
प्राइवेसी से जुड़ी ये खामियां ऐसे समय में सामने आई हैं जब इस टूल को रिकॉर्ड स्तर पर अपनाया जा रहा है। सितंबर में अपनी लॉन्चिंग के बाद से म्यूज़ 10 मिलियन से ज्यादा डाउनलोड हासिल कर चुका है और यह सबसे तेजी से बढ़ने वाले ऐप्स में शामिल हो गया है।


















