पौराणिक हिंदी फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा - श्री राम की' का पहला पोस्टर और टीजर जारी होते ही इंटरनेट पर नया विवाद खड़ा हो गया है. डांस वीडियो 'कच्चा बादाम' से रातों-रात चर्चा में आईं और रिएलिटी शो 'लॉक अप' का हिस्सा रह चुकीं अंजलि अरोड़ा इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपना अभिनय सफर शुरू करने जा रही हैं. हालांकि, फिल्म में उन्हें पूजनीय माता सीता का किरदार दिए जाने पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है. टीजर के सामने आते ही अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग को लेकर इंटरनेट पर तीखी बहस छिड़ गई है.
अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर भड़के यूजर्स
फिल्म का पहला टीजर सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अंजलि अरोड़ा की इंटरनेट इमेज की तुलना माता सीता के पवित्र स्वरूप से करते हुए मेकर्स के फैसले का कड़ा विरोध किया है. लोगों का कहना है कि एक पवित्र पौराणिक चरित्र के लिए चुनाव करते समय उचित गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए था. विरोध जताते हुए एक यूजर ने लिखा, "हे भगवान, घोर कलयुग! यह अंजलि अरोड़ा रामायण में सीता जी का रोल निभा रही हैं... क्या यह कलयुग नहीं तो और क्या है?" वहीं एक अन्य यूजर ने नाराजगी जाहिर करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की और लिखा, "किस आधार पर इस टिकटॉकर को मां सीता का रोल दिया गया है? इस फिल्म से जुड़े लोगों पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए." इसके अलावा एक और यूजर ने कमेंट किया, "मैं अंजलि को मां सीता के रूप में स्वीकार नहीं कर सकता."
टीजर के बैकग्राउंड मंत्र पर भी उठे सवाल
फिल्म के टीजर में सिर्फ स्टारकास्ट ही नहीं, बल्कि उसके ऑडियो पर भी दर्शकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. टीजर के बैकग्राउंड संगीत में "कृष्णाय वासुदेवाय..." मंत्र की ध्वनि सुनाई देती है, जो भगवान कृष्ण की स्तुति में गाया जाता है. पौराणिक मान्यता और कालखंड के अनुसार, श्री राम की कथा त्रेतायुग से संबंधित है, जबकि भगवान कृष्ण का अवतार द्वापरयुग में हुआ था. त्रेतायुग की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म के प्रचार वीडियो में द्वापरयुग के मंत्र का उपयोग करने पर यूजर्स ने मेकर्स पर पौराणिक और ऐतिहासिक तथ्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है.
फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट
'महाकाव्य श्री रामायण कथा - श्री राम की' में भगवान राम का मुख्य किरदार अभिनेता देव शर्मा निभा रहे हैं. देव शर्मा इससे पहले बॉलीवुड फिल्में 'यारियां' और 'हीरोपंती' में काम कर चुके हैं. इस पौराणिक प्रोजेक्ट का निर्देशन अभिषेक सिंह द्वारा किया गया है. तय समय सारणी के अनुसार, यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी. मेकर्स ने टीजर के साथ फिल्म का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया है.
रणबीर कपूर की रामायण से पहले सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
इस फिल्म की रिलीज से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह सिनेमाघरों में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण पार्ट 1' से पहले रिलीज होने वाली है. भारतीय सिनेमा में रामायण पर आधारित कहानियों को लेकर दर्शकों का उत्साह पहले से ही काफी अधिक है. अब अंजलि अरोड़ा माता सीता के रूप में पर्दे पर दर्शकों की कसौटी पर कितना खरी उतरती हैं, यह तो 25 सितंबर 2026 को फिल्म के प्रदर्शन के बाद ही तय होगा.



















