हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित बीके सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नशे में धुत युवक ने जमकर हंगामा किया और मरीजों तथा उनके तीमारदारों को परेशान किया। रविवार के दिन हुई इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और वार्डों में बाहरी लोगों के बेरोक-टोक आने-जाने पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को नशे की हालत में एक व्यक्ति सीधे इमरजेंसी वार्ड नंबर-39 के अंदर जा घुसा। उसके पास इलाज के लिए कोई ओपीडी पर्ची नहीं थी। वार्ड में दाखिल होने के बाद उसने वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को तंग करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने एक महिला मरीज के पास पहुंचकर अजीबोगरीब हरकतें शुरू कर दीं।
महिला मरीज के पति ने बताया कि उस युवक ने उनकी पत्नी के पास आकर कहा कि उसके सिर में दर्द है और वह उसका सिर दबाए। आरोपी इतने पर ही नहीं रुका, उसने वहां रखी महिला की थाली का खाना भी झूठा कर दिया। युवक के इस तरह के रवैये से आसपास के लोगों और तीमारदारों में काफी परेशानी और नाराजगी फैल गई।
परेशान होकर परिजनों ने तुरंत अस्पताल के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी और उनसे मांग की कि इस शख्स को तुरंत वार्ड से बाहर निकाला जाए। शिकायत मिलने के बाद अस्पताल का एक कर्मचारी हाथ में डंडा लेकर मौके पर पहुंचा। कर्मचारी ने युवक को उठाने और बाहर ले जाने की कोशिश की, लेकिन युवक नशे में इतना चूर था कि वह थोड़ी देर आंखें खोलता और फिर वापस बेड पर बेसुध होकर लेट जाता।
बताया जा रहा है कि युवक काफी घंटों तक इसी तरह अस्पताल के बेड पर बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। बाद में किसी तरह अस्पताल का कर्मचारी उसे वहां से उठाकर दूसरे वार्ड में ले गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बिना पर्ची और बिना किसी मेडिकल काम के कोई बाहरी व्यक्ति इतनी आसानी से इमरजेंसी वार्ड के भीतर कैसे पहुंच गया।



















