हरियाणा के नूंह जिले के सौंख अड्डे पर दुकान के सामने बिरयानी की रेहड़ी खड़ी करने और उसके किराये को लेकर उपजा विवाद गंभीर हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोक हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई और स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई।
यह पूरी घटना नूंह तावडू रोड पर हुई, जहां दोनों तरफ से लोगों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। हिंसा इतनी बढ़ गई कि भीड़ ने एक-दूसरे पर कोल्ड ड्रिंक की कांच की बोतलें भी फेंकीं। चश्मदीदों के अनुसार करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलते रहे और इस दौरान कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की चर्चा भी सामने आई है।
इस खूनी संघर्ष की चपेट में आकर वहां से गुजर रहे आम राहगीरों के वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे और हिंसा के कारण सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया, जो करीब एक घंटे तक लगातार बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना नूंह पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि हालात इतने तनावपूर्ण थे कि पुलिस बल के सामने भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ते रहे। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों पक्षों को खदेड़ा और सड़क पर लगे यातायात जाम को खुलवाया।
इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जिनकी स्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क है। इलाके में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया है और इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं जिनकी जांच की जा रही है।



















